मैराथन मंथन से जीत का सूत्र निकालेगी भाजपा
जागरण संवाददाता, कानपुर : क्रांति भूमि कानपुर से भाजपा चुनावी समर की रणनीति बनाने जा रही है
जागरण संवाददाता, कानपुर : क्रांति भूमि कानपुर से भाजपा चुनावी समर की रणनीति बनाने जा रही है। बुधवार और गुरुवार को प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यसमिति के मैराथन मंथन में निकाय चुनाव, सहकारिता चुनाव और फिर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए जीत का सूत्र तैयार किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को होटल विजय विला में तो गुरुवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भौंती स्थित पीएसआइटी में होगी। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय की अध्यक्षता में यह पहली कार्यसमिति होने जा रही है। वह पहले दिन 78 प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इनके सहित 470 कार्यसमिति सदस्यों की बैठक गुरुवार को होगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी पूरी कैबिनेट के साथ होंगे। इस कार्यसमिति में भाजपा यह तय करने जा रही है कि निकाय चुनाव में कैसे जीत दर्ज की जाए। स्थानीय निकाय चुनाव में ही बूथस्तर तक संगठन को दुरुस्त कर भाजपा उन जड़ों को लोकसभा चुनाव तक और गहरा कर लेना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक, दो दिवसीय बैठक में पार्टी के रणनीतिकार जातीय, क्षेत्रीय समीकरणों की भी समीक्षा करेंगे। बैठक के बाद संगठन का ढांचा भी उसी अनुसार रूप ले सकता है।
आज ही तय हो जाएगा राजनीतिक प्रस्ताव
बैठक की रूपरेखा के संबंध में भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने मंगलवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को शाम चार से रात आठ बजे तक चलेगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय के अलावा प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ओम माथुर, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यसमिति में प्रस्तुत किए जाने वाले राजनीतिक प्रस्ताव पर इसी बैठक में चर्चा हो जाएगी, जिस पर अंतिम मुहर कार्यसमिति में लगेगी। अगले दिन की कार्यसमिति की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगी। उद्घाटन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संबोधित करेंगे। बैठक शाम पांच बजे तक चलेगी। प्रेसवार्ता में क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह और क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मोहित पांडेय मौजूद थे।