तिरंगा यात्रा निकालने व खेल उत्सव कराने को भाजपाई तैयार
जागरण संवाददाता, कानपुर: पं.दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी को लेकर भाजपाइयों ने कार्यक्रमों की रूपर
जागरण संवाददाता, कानपुर: पं.दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी को लेकर भाजपाइयों ने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसी क्रम में बैठकों का दौर भी जारी है। शुक्रवार को नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में युवा मोर्चा द्वारा सितंबर में खेल उत्सव व कला संगम कार्यक्रम व 14 अगस्त को निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा के संबंध में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने चर्चा की। खेल उत्सव व कला संगम कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कैंप का शुभारंभ करते हुए उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि चार से छह सितंबर तक बेनाझाबर स्थित पालिका स्टेडियम में क्रिकेट व कबड्डी की प्रतियोगिताएं होंगी। कैंप के बाद युवा मोर्चा की बैठक में मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी होनी चाहिए। युवा मोर्चा के नेता प्रमोद विश्वकर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा में करीब 1500 मोटर साइकिलों से कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल होंगे। यहां मुख्य रूप से सुनील बजाज, सत्येंद्र पांडेय, दीपक सिंह, कमल तिवारी, मनीष त्रिपाठी, सुनील साहू, अभिनव दीक्षित आदि मौजूद रहे।