रसूलाबाद एसओ ने किया दुष्कर्म, एडीजी से लगाई न्याय की गुहार
कानपुर देहात की एक किशोरी ने एडीजी (कानून व्यवस्था) को प्रार्थना पत्र देकर रसूलाबाद थानाध्यक्ष पर दुष्कर्म का आरोप लगा न्याय की गुहार लगाई है।
कानपुर देहात (जेएनएन)। एक किशोरी ने एडीजी (कानून व्यवस्था) को प्रार्थना पत्र देकर रसूलाबाद थानाध्यक्ष पर दुष्कर्म का आरोप लगा न्याय की गुहार लगाई है। किशोरी ने एडीजी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि 29 मई को धरमूपुर मड़ैया निवासी कौशल किशोर का शव पेड़ पर लटका मिला था। कौशल के पिता शिवनारायण ने होमगार्ड सूबेदार उर्फ सुखिया, अतुल, रणबीर उर्फ छोटे, बलवीर उर्फ टीटू व अरविन्द निवासी तिस्ती के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। किशोरी का आरोप है कि होमगार्ड को बचाने के लिए थानाध्यक्ष आठ जुलाई को उसके घर आए और पीटते हुए जबरन जीप से ले गए। आरोप लगाया कि पहले उसे सुखिया के घर ले जाया गया उसके बाद अपने कमरे में ले गए। रात में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें: योगी और अखिलेश सरकार में राज्यपाल ने देखा एक जैसा काम
हालत बिगडऩे पर उसे महिला सिपाही के साथ सीएचसी भेज इलाज कराकर घर भेजने के पहले मीडिया के सामने मनमाफिक बयान दिला सीडी बनवाई। थानाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठी ने कहा कि विवेचना के दौरान किशोरी व कौशल किशोर के बीच प्रेम संबंधों की बात सामने आई थी। 20 जुलाई को कोर्ट में हुए बयान में किशोरी ने यह बात स्वीकारी है। किशोरी ने पकड़े जाने के डर से अपना मोबाइल तोड़कर सिम जला दिया पर काल डिटेल में दोनों के बीच बातों का सुबूत मिला है। यह भी सामने आया है कि जिस रात शव मिला किशोरी ने कौशल की साइकिल, कपड़े, चप्पलें, बेल्ट आदि गांव के ही इन्द्रजीत से उस टावर के पास रखने भेजा था जहां वह ड्यूटी करता था। घटना के बाद से किशोरी का पिता फरार है। खुद और पिता को फंसते देख किशोरी ने पेश बंदी में आरोप लगा कर प्रार्थना पत्र दिया है।
यह भी पढ़ें: हर मंडल में ड्राइविंग प्रशिक्षण और गांव-गांव में कौशल विकास केंद्र