इलियासपुर में गंदगी से ग्रामीण परेशान
बिल्हौर: ब्लाक के इलियासपुर गांव की गलियों में बजबजा रही नालियों की दुर्गन्ध से गांव वालों का रहना म
बिल्हौर: ब्लाक के इलियासपुर गांव की गलियों में बजबजा रही नालियों की दुर्गन्ध से गांव वालों का रहना मुश्किल हो गया है। मार्गो पर गंदगी व कूड़े के ढेर बीमारियों को दावत दे रहे हैं। गांव की दुर्दशा को लेकर ग्रामीणों मे नाराजगी है।
विकास खंड की कई ग्राम पंचायतों में गंदगी व जलभराव की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। अधिकारी व जनप्रतिनिधि समस्याओं पर ध्यान नही दे रहे हैं। इलियासपुर गांव में कूड़े के ढेर व नालियों की गंदगी से निकलती दुर्गध लोगों को परेशान किए है। पंचायत चुनाव में जनप्रतिनिधियों ने जल निकासी के वादे किए थे। जो चुनाव के साथ ही भुला दिये गये। सड़कें टूटी पड़ी हैं। नालियों में महीनो से भरा पानी मुसीबत बना है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन महीने से गांव में सफाई कर्मी नहीं आया है। कई बार ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव से शिकायत भी की गई, लेकिन ध्यान नही दिया गया। नालियों की दुर्गध से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बरसात में गांव के मुख्य मार्ग के किनारे लगे कूड़े के ढेरों से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्राम प्रधान अयाज हुसैन ने बताया कि एडीओ पंचायत से कई बार कूड़ा हटवाने के लिये कहा जा चुका है। लेकिन अधिकारियों के ध्यान न देने से समस्या बनी है।
बीडीओ एसपी वर्मा ने बताया गांव में टूटी नालियों व सड़कों का शीघ्र निर्माण कराया जाएगा। सफाई कर्मी भेजकर सफाई कराई जाएगी।