अन्ना भैंसें ने किसान को रौंद कर मार डाला
संवाद सहयोगी, घाटमपुर: देहात सीमा से जुड़े क्षेत्र के यमुना तटवर्ती गांव गड़ाथा में शुक्रवार शाम एक अन
संवाद सहयोगी, घाटमपुर: देहात सीमा से जुड़े क्षेत्र के यमुना तटवर्ती गांव गड़ाथा में शुक्रवार शाम एक अन्ना भैंसें ने नलकूप से घर लौट रहे एक किसान को रौंद कर मार डाला। भैंसा पूर्व में भी करीब दो दर्जन किसानों को मार कर जख्मी कर चुका है और आसपास के कई गांवों में उसका आतंक है।
गांव निवासी संतोष चंदेल (60) खेतों में स्थित अपने छोटे भाई राजन सिंह चंदेल के नलकूप की देखरेख करते थे। शाम करीब 5 बजे वह नलकूप से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मिले अन्ना भैंसें ने उन्हें घेर कर रौंदना शुरू कर दिया। यह देख आसपास मौजूद किसान लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और किसी प्रकार बचा कर संतोष को गांव लाए और अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। लेकिन गंभीर रूप से जख्मी संतोष चंदेल की इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर यूपी 100 वैन के पुलिस कर्मी गांव पहुंचे। पूर्व ग्राम प्रधान गीता सिंह चौहान व एसपी सिंह चौहान ने बताया कि अन्ना भैंसा पूर्व में गांव के करीब दो दर्जन लोगों पर हमला कर गंभीर जख्मी कर चुका है। भैंसें का पड़ोसी गांव अमिरतेपुर, कटरी, गड़ाथा व दुबाई आदि में आतंक है। भैंसें से निजात दिलाने की शिकायत पूर्व में उप जिलाधिकारी कार्यालय व कोतवाली में भी की गई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई है।
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा करा पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा।