फुंकता ट्रांसफार्मर, 'लुटता' केस्को
--- जागरण संवादाता, कानपुर : भीषण गर्मी में केस्को के ट्रांसफार्मर पटाखों की तरह फुंक रहे हैं।
---
जागरण संवादाता, कानपुर :
भीषण गर्मी में केस्को के ट्रांसफार्मर पटाखों की तरह फुंक रहे हैं। ट्रांसफार्मर फुंकने से रोजाना सैंकड़ों घरों को बिजली किल्लत का सामना करना पड़ रहा है, वहीं मरम्मत में केस्को का खजाना लुट रहा है। केस्को इस वर्ष ट्रांसफार्मर मरम्मत में करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च कर चुका है। वर्ष 2017 में 22 मई तक 18 डिवीजनों में 248 ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। इनमें से सर्वाधिक 78 ट्रांसफार्मर मई में फुंके हैं।
---
औसतन एक लाख की चपत
केस्को के पास 1000, 630, 400, 250, 160,100, 63 और 25 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर हैं। इनमें डैमेज होने वाले दो तिहाई ट्रांसफार्मर 400 व 250केवी के हैं। ऐसे में रिपेय¨रग कर ट्रांसफार्मर को फिर से सक्रिय करने में औसत एक लाख रुपये का खर्च आता है। मई में फुंके 78 में से 60 ट्रांसफार्मरों का गारंटी पीरियड समाप्त हो चुका था। इस वर्ष 200 ट्रांसफार्मर सही कराने में केस्को को पैसा खर्च करना पड़ा।
---
ओवरलोडिंग और लापरवाही मुख्य वजह
ट्रांसफार्मर फुंकने के दो प्रमुख कारण ओवरलोडिंग और लापरवाही हैं। जानकारों के मुताबिक ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड पड़ने पर उसके फुंकने की आशंका सर्वाधिक होती है। एक किलो वॉट लोड वाले घरों में दो से पांच किलो वॉट तक बिजली को लोड होता है और रात के समय कटियाबाज इसे दोगुना तक बढ़ा देते हैं। तेल चोरी और मेंटीनेंस में कमी के चलते भी ट्रांसफार्मर फुंकते हैं।
---
बिजलीघर अव्वल
ट्रांसफार्मर फुंकने के मामले में बिजलीघर मई महीने में अव्वल रहा। यहां पर नौ ट्रांसफार्मर फुंके। इसके बाद फूलबाग, जरीब चौकी, गुमटी, गोविंद नगर, किदवई नगर, दहेली सुजानपुर में छह-छह, विश्व बैंक बर्रा, जाजमऊ में पांच-पांच, कल्याणपुर में चार, आलूमंडी, दादानगर, हैरिसगंज, नौबस्ता में तीन-तीन, नवाबगंज, रतनपुर, विकास नगर में दो-दो और सर्वोदय नगर में एक ट्रांसफार्मर फुंका।
---
ट्रांसफार्मर फुंकने के विभिन्न कारण हैं। बढ़ा तापमान भी बड़ा कारण है। विभाग के पास पूरी तैयारी है। दो सौ से अधिक तैयार ट्रांसफार्मर हमारे स्टोर में हैं। घटना के 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदल दिया जाता है।
-चंद्रशेखर, अधिशासी अभियंता स्टोर
--
पिछले साल से राहत
महीना 2015 2016 2017
जनवरी - 64 40
फरवरी - 37 30
मार्च - 37 34
अप्रैल - 72 66
मई 105 151 78
जून 164 169 -
जुलाई 135 87 -
अगस्त 100 121 -
सितंबर 113 86 -
अक्टूबर 68 63 -
नवंबर 31 15 -
दिसंबर 60 23 -