डॉक्टर की पिटाई की सूचना पर उर्सला पहुंचे डीएम
जागरण संवाददाता, कानपुर : अपराध को समाप्त करने के लिए पुलिस के साथ ही प्रशासन भी कंधे से कंधा मिलाकर
जागरण संवाददाता, कानपुर : अपराध को समाप्त करने के लिए पुलिस के साथ ही प्रशासन भी कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। बुधवार देर रात उर्सला के डॉक्टर की पिटाई की बात सुनकर जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को बुला लिया। जांच में घटना कुछ और निकली। एक वार्ड ब्वाय ने आइसक्रीम वेंडर को बुरी तरह पीट दिया था। डॉक्टर वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने बीच बचाव का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया।
बुधवार रात 10.30 बजे डॉ. शैलेंद्र तिवारी घर लौट रहे थे। उन्होंने देखा कि जेरीएट्रिक वार्ड का वार्ड ब्वाय संजय सिंह और आइसक्रीम वेंडर शिवमूरत के बीच झगड़ा हो रहा था। उन्होंने बीच बचाव किया और चले गए। डॉ. शैलेंद्र जेरीएट्रिक वार्ड के प्रभारी हैं। उनके जाने के बाद दोनों में फिर भिड़ंत हो गई। शिवमूरत घायल हो गया। इसी बीच किसी ने डीएम को डॉक्टर की पिटाई की खबर दे दी। वह तुरंत अस्पताल पहुंच गए। कोतवाली पुलिस के एसएसआइ श्रवण यादव भी घटनास्थल पर आ गए। पुलिस ने आरोपी वार्ड ब्वाय को हिरासत में ले लिया। एसएसआइ के मुताबिक आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया। '' चिकित्सक और तीमारदार के बीच मारपीट की सूचना आई थी, जब मौके पर पहुंचा तो सूचना अफवाह निकली। वहां वार्डब्वाय और आइसक्रीम वेंडर के बीच मारपीट हुई थी।- सुरेंद्र सिंह, डीएम