रिश्तेदार के यहां जाने पर नाराज पति ने पत्नी को जिंदा जलाया
आरोपी ने पुलिस के सामने घटना को आत्महत्या बताने का प्रयास किया लेकिन बच्चों ने उसकी पोल खोल दी।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। कानपुर के बिधनू के उरियारा गांव में पति ने रिश्तेदारी में जाने पर पत्नी को बुरी तरह पीटने के बाद जला दिया। उसकी चीख बाहर तक न जाए इसलिए पत्नी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। आरोपी ने घटना को आत्महत्या ठहराने का प्रयास किया लेकिन बच्चों ने उसकी पोल खोल दी।
मूल रूप से हमीरपुर जिले के मौदहा निवासी तुलसीराम उरियारा गांव में घनश्याम बाबू के भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करता है। उसकी 30 वर्षीय पत्नी रामलली भी उसके साथ काम करती थी। मंगलवार देर रात 1.30 बजे तक पथाई करने के बाद रामलली झोपड़ी में आकर लेट गई। तुलसीराम अपने बच्चों अंजली, प्रियंका, आरती व कृष्ण कुमार के साथ झोपड़ी के बाहर सो रहा था।
सुबह करीब चार बजे तुलसीराम ने शोर मचाया और पत्नी के आग लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी कंट्रोल रूम और भट्ठा मालिक को दी। पुलिस को शव चारपाई पर पड़ा मिला, शरीर का सिर्फ ऊपरी हिस्सा जला था। फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य एकत्र किए। एसपी ग्रामीण और सीओ सदर ब्रह्म सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पहले तो तुलसीराम ने मुंह नहीं खोला, लेकिन बच्चों से पूछताछ में पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने की बात सामने आई।
पोस्टमार्टम में सिर पर डंडे से प्रहार करने के बाद मुंह में कपड़ा ठूंस कर हत्या की पुष्टि हुई। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार का कहना है कि अगर महिला ने आग लगाई होती तो झोपड़ी का कुछ और सामान भी जला होता। महिला के भाई संतराम की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी तुलसीराम को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें: अच्छी खबर: अब शिक्षामित्रों का मानदेय होगा 10 हजार
चार दिन से बंद थी बातचीत: पुलिस के मुताबिक बच्चों से पूछताछ में सामने आया है कि एक सप्ताह पहले किरन हमीरपुर स्थित छानी गांव मायके एक शादी समारोह में गई थी। वापस लौटने पर दोनों में विवाद हुआ था। चार दिन से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। हत्या से कुछ समय पहले भी दोनों में विवाद हुआ था।
यह भी पढ़ें: अमनमणि त्रिपाठी पर चलेगी पत्नी की हत्या का केस, कोर्ट ने दिया आदेश