श्रम विभाग ने तलब किए केस्को अफसर
जागरण संवाददाता, कानपुर : संविदा कर्मचारियों को बोनस न देने के विवाद में श्रम विभाग ने केस्को के अधी
जागरण संवाददाता, कानपुर : संविदा कर्मचारियों को बोनस न देने के विवाद में श्रम विभाग ने केस्को के अधीक्षण अभियंता, मुख्यालय को तलब कर लिया है। विभाग ने केस्को से इस संबंध में सभी दस्तावेज के साथ उपस्थित होने को कहा है। सुनवाई 2 मई को निश्चित की गई है।
संविदा कर्मचारी संगठन केस्को के संगठन मंत्री दिनेश सिंह भोले ने शिकायत श्रम विभाग में दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि तीन सालों से संविदा कर्मचारियों को बोनस का भुगतान नहीं किया गया है। इस संबंध में प्रवर्तन अधिकारी एके वर्मा व एके सिंह की टीम ने जांच की थी। जांच टीम ने माना कि आरोप सही हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर सहायक श्रमायुक्त आरपी तिवारी ने केस्को के अधीक्षण अभियंता, मुख्यालय को समस्त दस्तावेजों के साथ तलब किया है। श्रम प्रवर्तन अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अधीक्षण अभियंता, मुख्यालय द्वारा बताया गया कि केस्को अपने संविदा कर्मचारियों से बोनस देने का कोई अनुबंध नहीं करता है, जबकि कांट्रेक्ट लेबर एक्ट के तहत कार्य करने वाले कर्मचारियों को 8.33 फीसद बोनस देने का कानून है। इस लिहाज से अगर संविदाकर्मियों के हक में फैसला आया तो केस्को को 1.50 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतना संविदा कर्मचारियों को करना पड़ सकता है। केस्को के अधीक्षण अभियंता, मुख्यालय जीसी झा ने बताया कि संविदा कर्मचारियों को नियमानुसार ईपीएफ का भुगतान किया जा रहा है। बोनस भुगतान का कोई करार कंपनी ने नहीं किया था। श्रम विभाग को दस्तावेज दे दिए जाएंगे।