लग्जरी बसों के खिलाफ अभियान, 18 का चालान चार सीज
जागरण संवाददाता, कानपुर: आल इंडिया परमिट पर रोडवेज की तर्ज पर सवारियां ढो रही लग्जरी बसों के खिलाफ आ
जागरण संवाददाता, कानपुर: आल इंडिया परमिट पर रोडवेज की तर्ज पर सवारियां ढो रही लग्जरी बसों के खिलाफ आरटीओ की कार्रवाई शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक जारी रही। आरटीओ की चार प्रवर्तन टीमों ने 18 बसों का चालान किया और चार बसें सीज कर दीं। इन सभी बसों के परमिट निरस्त किए जाएंगे। इनमें शताब्दी, हंस, कल्पना समेत नामी ट्रैवल एजेंसियों की बसें शामिल हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन की चार टीमों ने शहर व देहात में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। रोडवेज की तर्ज पर लग्जरी बसों में सवारियां भरकर ले जाई जा रही थीं। लंबी दूरी की बसों में सवारियों ने उतारे जाने पर हंगामा किया। बोले, उनका क्या दोष है। आधी रात में कहां जाएगे। 18 बसों का चालान किया गया जबकि चार बसों को सीज कर थाने में खड़ा करा दिया गया। एआरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा ने बताया कि आल इंडिया परमिट पर सवारियों को नहीं बैठाया जा सकता है। इनके खिलाफ अभियान जारी रहेगा। शनिवार को भी देर रात चलाया जाएगा।
फजलगंज, जरीब चौकी और अफीमकोठी बना हब
आल इंडिया परमिट लिया और रोडवेज की तर्ज पर सवारियां ढोने का खेल वर्षो से शहर में चल रहा है। फजलगंज चौराहा प्राइवेट स्लीपर, एसी बसों का हब बन चुका है, ये हब फजलगंज से जरीबचौकी होते हुए अफीमकोठी चौराहे तक पहुंच गया है। ये बसें जयपुर, भोपाल, इंदौर, बालाजी, दिल्ली समेत अन्य प्रांतों तक दौड़ रही हैं। रावतपुर, विजयनगर, टाटमिल और फजलगंज चौराहे पर प्राइवेट एसी बसें खड़ी दिखती हैं। जगह-जगह इनके भव्य आफिस भी खुले हैं।