चौ. चरण की प्रतिमा स्थापना को आंदोलन की हुंकार
जागरण संवाददाता, कानपुर : पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की प्रतिमा रामादेवी चौराहे पर स्थापित थी।
जागरण संवाददाता, कानपुर : पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की प्रतिमा रामादेवी चौराहे पर स्थापित थी। जिला प्रशासन, नगर निगम, एनएचएआइ और चौधरी चरण सिंह स्मारक समिति की सहमति से सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रतिमा हटाई गई थी। तीन साल बाद भी वह फिर से स्थापित नहीं हो सकी है। इस संबंध में शनिवार को एडीएम सिटी कार्यालय में बैठक हुई।
बैठक में समिति पदाधिकारियों ने सहमति पत्र के तथ्य याद दिलाए। कहा कि पिलर संख्या 68 और 69 के बीच सुंदरीकरण कर इसके बीच चौ. चरण सिंह की प्रतिमा स्थापित की जानी थी। मगर, तीन साल बीतने के बाद भी कार्रवाई शुरू तक नहीं हुई है। समिति के चेयरमैन सुरेश गुप्ता ने कहा कि 29 मई को पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि है। अब यदि कार्यदायी संस्था एनएचएआइ गंभीर न हुई तो कार्यालय का घेराव किया जाएगा फिर आंदोलन कोई भी रूप ले सकता है। एडीएम सिटी केपी सिंह ने हस्तक्षेप कर एनएचएआइ अधिकारियों से कहा कि 15 दिन में कार्य शुरू कर दें। अन्यथा वह विभाग के आला अधिकारियों से बात करेंगे। अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन दिया। बैठक में प्रमोद यादव, रीता गुप्ता, सतेंद्र खन्ना, आकिल सानू, एमके सिंह, सुमेर सिंह यादव, गैमन इंडिया एनएचएआइ के प्रशांत शुक्ला, टीके चटर्जी आदि उपस्थित थे।