देश का विकास रोकने को हुआ सपा-कांग्रेस गठबंधन
जागरण संवाददाता, कानपुर : सूबे में सपा और कांग्रेस ने जो गठबंधन विधानसभा चुनाव के दौरान किया, असल मे
जागरण संवाददाता, कानपुर : सूबे में सपा और कांग्रेस ने जो गठबंधन विधानसभा चुनाव के दौरान किया, असल में वह देश के विकास को रोकने के लिए किया गया। यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मिलकर पीएम नरेंद्र मोदी के विकास अभियान को रोकना चाहते हैं। शुक्रवार को यह बातें सांसद व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने जहां शास्त्री नगर स्थित काली मठिया चौराहे पर भाजपा प्रत्याशी सत्यदेव पचौरी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहीं। वहीं बर्रा-2 में उन्होंने किदवई नगर से भाजपा प्रत्याशी महेश त्रिवेदी के समर्थन में जनसभा के दौरान सूबे की ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर सपा पर तीखे शब्द बाण चलाए।
शास्त्री नगर में उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि यहां मेरा घर, परिवार और एक भाई है। उससे समर्थकों संग भाजपा में आने को कहा। जबकि किदवई नगर में भोजपुरी अंदाज में भाजपा को सूबे की सत्ता में लाने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। शास्त्री नगर में मुख्य रूप से भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री कमलावती सिंह, विजय मिश्रा, पप्पी पांडेय, अक्षय द्विवेदी और किदवई नगर में भूपेंद्र त्रिपाठी, प्रमोद अग्रहरि, सुनील नारंग आदि उपस्थित रहे।
हेलीपैड पर नोकझोंक : सीएसजेएमयू पर बने हेलीपैड पर भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की प्रशासनिक अफसरों ने नोकझोंक हो गई। अफसरों का कहना था सांसद के लिए यहां उतरने संबंधी अनुमति नहीं ली गई जबकि भाजपाइयों का कहना था कि अफसरों ने उनकी गाड़ियों की हवा निकाल दी।