देश की दिशा बदलेगा यह विधानसभा चुनाव
जागरण संवाददाता, कानपुर : यह चुनाव सिर्फ विधायक चुनने या सत्ता के परिवर्तन के लिए नहीं है। उत्तर प्र
जागरण संवाददाता, कानपुर : यह चुनाव सिर्फ विधायक चुनने या सत्ता के परिवर्तन के लिए नहीं है। उत्तर प्रदेश का यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की दिशा को भी बदलेगा। यह बात केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कही। वह आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी व विधायक सलिल विश्नोई के समर्थन में भूसाटोली में सभा को संबोधित कर रहे थे।
चुनाव प्रचार के बिल्कुल अंतिम मौके पर आयोजित हुई सभा में श्री सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के इस चुनाव का महत्व पिछले चुनावों से हटकर है। प्रदेश में सपा और बसपा दोनों की सरकार रही हैं। इन दोनों ने प्रदेश को जितना बर्बाद किया है, उतना तो उत्तर प्रदेश के लोग भी कल्पना नहीं कर सकते। उत्तर प्रदेश से पीछे रहने वाला मध्य प्रदेश आज उत्तर प्रदेश से आगे निकल गया। अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार होती तो यहां के लोगों को ये दिन नहीं देखने पड़ते। गुरुवार को फैक्ट्री संचालक को गोली मारकर लूटने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मोहित जैन को गोली मारी गई लेकिन पुलिस अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उत्तर प्रदेश में अपराधी हावी हैं और लोग पलायन कर रहे हैं।
-------------
सलिल विश्नोई ने जुलूस निकालकर ताकत दिखाई
आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी और विधायक सलिल विश्नोई ने शुक्रवार को जुलूस निकालकर क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाई। दोपहर में बारह बजे करीब उन्होंने लक्ष्मीपुरवा में रथवाला मंदिर से जुलूस निकाला। जुलूस का रास्ते में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। धनकुंट्टी में लोगों ने घरों से फूल बरसाये। जुलूस लक्ष्मीपुरवा, कोपरगंज, बांसमंडी, लाटूश रोड, कुलीबाजार, बादशाही नाका, धनकुंट्टी, कलक्टरगंज, घंटाघर, शक्करपंट्टी होते हुए भूसाटोली में आयोजित सभा में समाप्त हुआ।