मुआवजे के लिए मिल गेट पर शव रखा, जाम लगाया
कानपुर, जागरण संवाददाता : जेके कॉटन मिल में शनिवार रात वाटर कूलर में उतरे करंट से ऑपरेटर सुशील दुबे
कानपुर, जागरण संवाददाता : जेके कॉटन मिल में शनिवार रात वाटर कूलर में उतरे करंट से ऑपरेटर सुशील दुबे (30) की मौत हो गई थी। देर रात साथी कर्मचारियों की सूचना पर मृतक के भाई चंद्रप्रकाश व अमित पहुंचे थे। अमित ने बताया कि सुशील तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। डेढ़ साल पहले उसकी शादी प्रतिभा से हुई थी। वह मौजूदा समय में गर्भवती है।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन व अन्य सहकर्मी शव लेकर मिल गेट पर पहुंचे। जहां परिजनों और साथियों ने 10 लाख रुपए के मुआवजे की मांग करते हुए मिल गेट जाम कर दिया। सूचना पर पहले तो सीसामऊ थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। भीड़ के साथ हंगामा बढ़ने की जानकारी पर सीओ सीसामऊ ब्रह्म सिंह सर्किल फोर्स के साथ पहुंचे। मिल कर्मियों का कहना था कि बीते एक सप्ताह से वाटर कूलर में करंट आ रहा था। इसकी जानकारी एचआर मैनेजर नीरज दुबे को दी गई थी। मिल प्रबंधन की लापरवाही के चलते हादसा हुआ है। सीओ सीसामऊ ने बताया कि मृतक के परिजनों को मिल प्रबंधन द्वारा पांच लाख मुआवजे का आश्वासन दिए जाने पर मामला शांत हुआ। इसके बाद लोग अंतिम संस्कार के लिए शव गांव ले गए।