10 को लखनऊ में गन्ना आयुक्त को घेरेंगे भाजपाई
कानपुर, जागरण संवाददाता : गन्ना किसानों की बकाया धनराशि का भुगतान न किये जाने के विरोध में 10 सितंबर
कानपुर, जागरण संवाददाता : गन्ना किसानों की बकाया धनराशि का भुगतान न किये जाने के विरोध में 10 सितंबर को लखनऊ में गन्ना आयुक्त का घेराव किया जाएगा। वहां अनिश्चितकालीन घेरा डालो, डेरा डालो का कार्यक्रम होगा जिसमें भाजपा के केन्द्रीय स्तर के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। यह बात भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी राजा वर्मा ने कही। वह कल्याणपुर के एक गेस्ट हाउस में किसान मोर्चा की क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों के करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं किया जा रहा है जिससे किसान नाराज हैं। किसानों के हक की लड़ाई किसान मोर्चा के कार्यकर्ता लड़ेंगे। 2017 के विधानसभा चुनाव में किसान मोर्चा की भूमिका अहम होगी। हर कार्यकर्ता को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री रामाशीष ने कहा कि जो सोचें, वही बोलें और वही करें। इससे सरलता का भाव विकसित होगा। जो भी काम करें उसमें पारदर्शिता होनी चाहिये। क्षेत्रीय संगठन मंत्री ओमप्रकाश ने कहा कि हर हाल में विजन 2017 को सफल करना है।
बैठक में कानपुर नगर, ग्रामीण, देहात, औरैया, इटावा, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज के पदाधिकारी थे। बैठक में सांसद देवेन्द्र सिंह भोले, एमएलसी अरुण पाठक, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एसएस सिद्धू, महामंत्री सुरजीत सिंह, पूर्व विधायक प्रेमलता कटियार, सुरेन्द्र मैथानी, कमलेश द्विवेदी, विपिन द्विवेदी, चंद्रशेखर शर्मा, अभिनव दीक्षित, राहुल सिंह चंदेल, अजय चौहान, सत्यनारायण, बृजेश पाण्डेय, संतोष शुक्ला आदि रहे।