आधा किमी दूर से पानी लाकर बुझा रहे प्यास
कानपुर, जागरण संवाददाता: भीषण गर्मी की मार से जहां लोगों के हलक सूख रहे है, वहीं जोन-5 के बर्रा विश्
कानपुर, जागरण संवाददाता: भीषण गर्मी की मार से जहां लोगों के हलक सूख रहे है, वहीं जोन-5 के बर्रा विश्वबैंक डी ब्लाक में 15 दिनों से जलापूर्ति न होने से बूंद-बूंद पानी को लोग तरस रहे हैं। यहां लगे आधा दर्जन हैंडपंप ठूंठ खड़े हैं। मजबूरी में लोग 500 मीटर दूर स्थित एक मंदिर में लगे सबमर्सिबल से पानी ला प्यास बुझा रहे हैं।
विश्वबैंक डी सेक्टर में करीब एक हजार से अधिक की आबादी रहती है जिनके लिए यहां मात्र 6 हैंडपंप लगे हैं। जो कई महीने से खराब पड़े हैं। इसके चलते क्षेत्रीय लोगों को सप्लाई के पानी का ही एक मात्र सहारा रहता है। बीते 15 दिनों से लाइन में खराबी के चलते जलापूर्ति ठप है। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार पास बनी टंकी में जाकर शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई। जलकल कर्मी बेपरवाह बने हैं। किसी प्रकार की राहत न मिलने पर यहां लोग करीब 500 मीटर दूर स्थित एक मंदिर में लगे सबमर्सिबल से साइकिल व बाइक से पानी लाकर काम चला रहे हैं। सुबह से ही मंदिर में पानी के लिए लंबी लाइन लग जाती है। क्षेत्र के पप्पू ठाकुर, अमित तिवारी, कमलेश दिवेदी, जगत नारायण गुप्ता, भूपेंद्र, सुषमा गुप्ता, साक्षी अवस्थी, शशि कुबेर ने बताया कि बीते तीन माह से क्षेत्र के हैंडपंप खराब पड़े हैं। सही कराने के लिए क्षेत्रीय पार्षद से गुहार लगाई थी। जिस पर दो हैंडपंप कामचलाऊ ढंग से सही किए गए थे जिनसे दो दिन भी लोग पानी नहीं भर सके। वहीं सप्लाई का पानी भी भीषण गर्मी में दगा दे गया। जिससे क्षेत्र में पानी संकट है।
'जलापूर्ति बंद होने की अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। जांच करा जल्द ही आपूर्ति बहाल कराई जायेगी।'-एनएम चौधरी, अधिशाषी अभियंता जलकल जोन-5
'तीन हैंडपंप खराब होने की जानकारी थी जिन्हें सही करा दिया गया था। इसके बाद हैंडपंप खराब होने की शिकायत नहीं मिली।' सरोजनी यादव, पार्षद