भू अधिग्रहण बिल में किसानों की अनदेखी
कानपुर, जागरण संवाददाता : केंद्र सरकार के लाए गए भू अधिग्रहण बिल में किसानों की अनदेखी हुई है। इस बि
कानपुर, जागरण संवाददाता : केंद्र सरकार के लाए गए भू अधिग्रहण बिल में किसानों की अनदेखी हुई है। इस बिल के पास होने पर किसानों से भूमि दूर हो जाएगी। बेमौसम बारिश से किसान तबाह हो गए हैं किंतु मुआवजे के नाम पर उनके साथ मजाक किया जा रहा है। ये बातें बसपा के प्रदेश व्यापी धरना सभा में कही गई।
नानाराव पार्क में सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के जोनल कोआर्डिनेटर रणवीर कश्यप ने कहा कि पार्टी प्रमुख मायावती ने 2011 में पंचायत बुलाकर किसानों की समस्याएं समझी थीं। कहा कि प्रदेश सरकार फसल की तबाही से हो रही किसानों की मौत को झुठलाने में लगी है। नुकसान से प्रभावित लोगों में 80 फीसद सीमांत किसान हैं जबकि 20 फीसद बड़े हैं किंतु मुआवजा इस तरह से दिया जा रहा है कि उसे देख कर गरीब किसान रो रहे हैं। मुआवजा नुकसान के अनुसार ही देना चाहिए। पूर्व मंत्री अनंत कुमार मिश्र ने कहा यह देश आम आदमी का है किंतु केंद्र सरकार अंबानी और अडानी को लूटने की खुलेआम छूट दे रही है। मोदी सरकार गरीबों के साथ मजाक कर रही है। किसानों के खेत में पानी और खाने को दाना नहीं है किंतु प्रदेश सरकार ध्यान नहीं दे रही है। सभा को रजनीश तिवारी, मो. समी शाह, दिलीप वर्मा, मनीष वाजपेयी, मनोज शुक्ला, कमलेश दिवाकर, आरपी कुशवाहा, सरोज कुरील, अरविंद विश्वकर्मा, सलीम अहमद, तन्मय तिवारी, डब्बू वाल्मीकि, रामबाबू गौतम, जितेन्द्र बौद्ध और संजय गौतम ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामकृष्ण भाष्कर व संचालन आरपी शुक्ला ने किया। अनुभव चक, हरी कुशवाहा, मोनू पांडेय, सर्वेश शुक्ला बमबम रहे।
सदमे से मरा किसान, भाई ने बयां की दास्तान
भीतरगांव के अमौर गांव निवासी शिव कुमार सिंह की खेती बर्बाद हो गई। उनके भाई बलबीर सिंह ने सभा में आकर बताया कि सात अप्रैल को भाई शिव कुमार खेत देखने गए और वहां के हालात देख गिर गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पूर्व विधायक आरपी कुशवाहा ने अधिकारियों से बात तो की किंतु अभी तक कोई हल नहीं निकला है।
त्रासदी के दिवंगतों को श्रद्धांजलि
सभा के दौरान जोनल कोआर्डिनेटर रणवीर कश्यप ने भूकंप व मौसम त्रासदी के चलते जान गंवाने वालों की मौत पर दुख व्यक्त किया। सभा के बाद मौन रख कर उनकी आत्म की शांति की प्रार्थना की।