राजधानी समेत कई ट्रेनों में छापा, खाने के नमूने भरे
कानपुर, जागरण संवाददाता: राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों को खराब खाना परोसे जाने के बाद रेल अफसर हरक
कानपुर, जागरण संवाददाता: राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों को खराब खाना परोसे जाने के बाद रेल अफसर हरकत में आ गए हैं। शुक्रवार रात चले चेकिंग अभियान में राजधानी समेत कई ट्रेनों में खानपान के नमूने भरे गये।
शुक्रवार को राजधानी एक्सप्रेस के यात्रियों ने सेंट्रल स्टेशन पर हंगामा किया था। उप मुख्य यातायात प्रबंधक अखलाक अहमद, मंडल सहायक वाणिज्य प्रबंधक जितेंद्र सिंह की अगुवाई में रात ढाई बजे सेंट्रल स्टेशन पर खानपान की गुणवत्ता की जांच की गयी और उनके नमूने भरे जिससे हड़कंप मच गया। सुबह छह के बाद एक बार फिर चली चेकिंग में नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस, दूरंतो एक्सप्रेस समेत करीब दस ट्रेनों का खानपान चेक किया गया और पेंट्रीकार के मैनेजर के साथ ही यात्रियों से भी खाने के बारे में जानकारी लेकर उनके बयान दर्ज किये गये।
उप मुख्य यातायात प्रबंधक की ओर से पूरी रिपोर्ट उत्तर मध्य जोन के महाप्रबंधक को भेजी जाएगी। यह रिपोर्ट प्रतिदिन भेजी जाएगी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को नई दिल्ली जा रही पटना और रांची राजधानी में खाने को लेकर यात्रियों ने हंगामा करने के साथ ही सेंट्रल स्टेशन पर धरना दिया था। शिकायत पुस्तिका में अपनी पीड़ा भी दर्ज की थी।
रेलवे बोर्ड इस मामले को लेकर काफी गंभीर है और ट्रेनों में घटिया खाना परोसने वाली कंपनी को हटाने के लिए कहा है।
चावल में हल्दी मिली
शुक्रवार को रांची राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों को दिया गया चावल प्रथम दृष्टया जांच में गड़बड़ मिला। जिसमें यह स्पष्ट हो गया है कि चावल में हल्दी मिलाकर दिया गया।