महिला रोडवेजकर्मी की गला घोंटकर हत्या
कानपुर, जागरण संवाददाता : किदवई नगर थाने से करीब तीन सौ मीटर दूरी पर स्थित हरी कालोनी की निवासी 55 व
कानपुर, जागरण संवाददाता : किदवई नगर थाने से करीब तीन सौ मीटर दूरी पर स्थित हरी कालोनी की निवासी 55 वर्षीय महिला रोडवेज कर्मी चंपाकली की लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने गला घोंटकर हत्या कर दी।
मंगलवार की सुबह करीब 9.30 बजे पड़ोसी राजनारायण और उनकी पत्नी सीता देवी छत पर गए तो देखा वहां पर मोबाइल फोन, घर का सामान व चंपाकली की बेटी की फोटो पड़ी है। दंपती ने छत पर पड़ा सामान समेटा और चंपाकली को देने के लिए उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उन्होंने बाथरूम के दरवाजे पर धक्का मारा तो वह खुल गया। भीतर जाकर देखा तो कमरे में पड़े बेड पर चंपाकली का शव पड़ा था। जबकि अंदर वाले कमरे में रखी अलमारी व लॉकर का सामान बिखरा पड़ा था। पड़ोस में रहने वाले अमरजीत ¨सह ने कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। सूचना पर किदवई नगर पुलिस फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। इसके बाद एसपी पूर्वी क्राइम ब्रांच की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। अमरजीत के मुताबिक चंपाकली के पति गंगा सागर किदवई नगर डिपो में काम करते थे। वर्ष 1983 में उनकी मौत होने पर चंपाकली को नौकरी मिल गई थी। मौजूदा समय में वह झकरकटी बस अड्डे में बतौर सीनियर लिपिक तैनात थीं। उनका बेटा हेमंत उर्फ राजा पत्नी मीना के साथ दिल्ली में रहता है। जबकि उनकी बेटी योगिता की शादी के तीन माह बाद मौत होने के बाद भी दामाद विनोद अक्सर चंपाकली से मिलने के लिए दूसरी पत्नी के साथ आता जाता था। हाल ही में विनोद शहर में होने वाली एक शादी में शामिल होने के लिए आया हुआ है। सूचना पर पहुंचे विनोद ने बताया कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खून से सना तौलिया और हत्या में प्रयुक्त अंगौछा बरामद किया है। पुलिस लूटपाट की बात से इंकार कर रही है।
'महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है। सामान बिखरा मिला है। लूटपाट हुई है कि नहीं इसकी जानकारी नहीं हो पायी है। मृतका के दामाद विनोद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।'
प्रभाकर चौधरी, एसपी पूर्वी