गणेश प्रतिमा स्थापित करने को लेकर चकेरी में तनाव
कानपुर, जागरण संवाददाता : चकेरी थाना क्षेत्र के चरारी में बुधवार को दो समुदाय आमने सामने आ गए। गणेश प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। तनाव की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने को समझाया। गुरुवार को थाने में दोनों पक्षों की बैठक बुलायी गयी है, इसमें समस्या का हल निकाला जाएगा।
चरारी क्षेत्र में एयरफोर्स कालोनी के पास क्षेत्रीय लोग गणेश प्रतिमा स्थापित करना चाहते हैं। इस बात की जानकारी मिलने पर इलाके में रहने वाले दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध जताया। दोपहर में दोनों पक्षों के लोग एकत्र होने लगे। कुछ लोगों के बीच तकरार भी शुरू हो गयी। इस बीच सूचना पाकर चौकी इंचार्ज चकेरी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाबुझा कर शांत कराया। लेकिन शाम को दोबारा दोनों पक्षों के लोग लाल बंगला से कैंट जाने वाली सड़क पर एकत्र होने लगे। इस बीच किसी ने कंट्रोल रूम को तनाव फैलने की जानकारी दे दी। इस पर एसीएम द्वितीय भानुप्रताप शुक्ल, सीओ कैंट मायाराम वर्मा सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एक पक्ष प्रतिमा स्थापित करने तो दूसरा वहां प्रतिमा न स्थापित करने की बात पर अड़ा था। काफी देर प्रयास के बाद दोनों तरफ के लोग शांत हुए। इसके बाद तय हुआ कि गुरुवार को थाने में दोनों पक्षों के बीच वार्ता होगी। इसमें समस्या का समाधान निकाला जाएगा। चकेरी एसओ आलोक सिंह यादव ने बताया क्षेत्र में माहौल शांत है, तनाव जैसी बात नहीं है।