पुलिस भर्ती परीक्षा में फेल होने पर जहर खा जान दी
कानपुर, जागरण संवाददाता : बर्रा थाना क्षेत्र में सिपाही की भर्ती में चयन न होने पर युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई तो उसे हैलट में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बी-ब्लाक, बर्रा-8 निवासी त्रियुगी नारायण शुक्ल प्राइवेट जॉब करते हैं। उनके दो बच्चों में बड़ा बेटा सोनू बाहर नौकरी करता है। जबकि 23 वर्षीय छोटा बेटा प्रशांत शुक्ल बीएससी के बाद पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा है। दिसंबर माह में उसने सिपाही भर्ती की परीक्षा दी थी। जिसका तीन दिन पहले रिजल्ट आया था। जिसमें प्रशांत का चयन नहीं हुआ। जिसे लेकर वह काफी परेशान था। त्रियुगी नारायण के मुताबिक बुधवार रात प्रशांत ने परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो आस पास के लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में हैलट में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मां अशोका देवी बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं। अचेत होकर गिरने पर मोहल्ले वालों ने काफी प्रयास के बाद होश में लाए।
दो नंबर से फेल हुआ था प्रशांत
कानपुर : मृतक प्रशांत के पिता त्रियुगी नारायण की माने तो बेटे का बचपन से ही पुलिस में भर्ती होने का सपना था। जिसकी तैयारी को लेकर वह दिन रात मेहनत करता था। लिखित परीक्षा देने के बाद वह फिजिकल टेस्ट की लगातार तैयारी कर रहा था। लिखित परीक्षा में दो नंबर से फेल होने के कारण उसका सपना टूट गया। जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।