बूथों के लिए आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
कानपुर, जागरण संवाददाता: अकबरपुर संसदीय सीट पर 24 अप्रैल को मतदान होगा इसके लिए आज पालीटेक्निक से पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। इस संसदीय क्षेत्र में वैसे तो कुल 1002 मतदान केंद्र और 1798 बूथ हैं, लेकिन पालीटेक्निक से 1449 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। शेष पार्टियां कानपुर देहात के माती मुख्यालय से रवाना होगी। मंगलवार को पूरे दिन प्रत्याशियों ने वाहन जुलूस निकालकर ताकत का एहसास कराया और शाम छह बजे प्रचार का शोर थम गया।
अकबरपुर संसदीय क्षेत्र में बिठूर, महाराजपुर, घाटमपुर, कल्याणपुर और अकबरपुर रनियां विधानसभा क्षेत्र आते हैं। अकबरपुर रनियां कानपुर देहात जिले में है, जबकि शेष विधानसभा क्षेत्र कानपुर नगर में। ऐसे में अकबरपुर रनियां विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां माती से रवाना की जाएगी। चूंकि इस सीट पर कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं इसलिए हर बूथ पर दो- दो ईवीएम लगाई जाएगी। पालीटेक्निक में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए विधानसभावार बेरीकेडिंग लगाई गई है। ईवीएम में मतपत्र लगाने को भी अंतिम रूप दिया गया। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के लिए बस्तों में अभिलेख रखे गए। इसमें 93 तरह के सामान होंगे। इसमें पेंसिल, स्टैम्प पैड, पैड इंक, पिंस पत्ता, सीलिंग वैक्स, कैंडिल वैक्स, लेई, एड्रेस टैग, सेफ्टी पिंस, माचिस, ब्लेड, लोहे की कील, सादा कागज, कार्बन, मतदान अभिकर्ता का प्रवेश पत्र होगा। इसके अलावा बालपेन रिफिल, सूजा, रैपिंग पेपर, एरो क्रास मार्क, कैनवेस बैग, लोहे की पत्ती व तौलिया आदि सामान भी रहेगा। यह बस्ता सभी पीठासीन अधिकारियों को जिला ग्राम्य विकास अभिकरण द्वारा पालिटेक्निक परिसर में बुधवार को सुबह सात बजे से दिया जाएगा। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान वहां पीने के पानी के आधा दर्जन टैंकर, एंबुलेंस, चिकित्सकों की टीम भी मौजूद रहेगी यदि कोई कर्मी अचानक बीमार हुआ तो उसका तुरंत उपचार हो सके।