मायावती आज हुंकार भरेंगी
कानपुर, जागरण संवाददाता: बहुजन समाज पार्टी की मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री मायावती गुरुवार को रेलबाजार मैदान से हुंकार भरेंगी। देर रात तक मंच की तैयारियां चलती रहीं।
बसपा के महानगर अध्यक्ष जय नारायन कुरील मुकेश और पार्टी के प्रत्याशी सलीम अहमद ने बताया कि पार्टी मुखिया दोपहर 12 बजे रेलबाजार मैदान में बनाये गये हेलीपैड पर उतरेंगी और वहीं से सीधे मंच पर पहुंच कर सभा को संबोधित करेंगी। वैसे तो यह क्षेत्र कानपुर नगर लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां से सलीम अहमद प्रत्याशी हैं किंतु उनके अलावा अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अनिल शुक्ला वारसी और मिश्रिख के प्रत्याशी अशोक रावत भी मंच पर रहेंगे। उन्होंने बताया रैली की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, रैली ऐतिहासिक होगी।
50 मिनट रहेंगी बसपा प्रमुख
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती 50 मिनट तक मंच पर रहेंगी।
वह सुबह 11.40 पर चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लखनऊ से हेलीकॉप्टर से कानपुर से लिए उड़ेंगी और रेल बाजार पार्क स्थित अस्थाई हेलीपैड पर ठीक 12 बजे उतरेंगी। यहां पर 50 मिनट तक सभा को संबोधित करने के बाद वह 12.50 बजे औरैया में चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए उड़ेंगी।