ठिठुरन बढ़ने से घरों में दुबके लोग
कन्नौज, जागरण संवाददाता : लगातार कोहरे व धुंध के साथ गुरुवार की सुबह शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ गई। प
कन्नौज, जागरण संवाददाता : लगातार कोहरे व धुंध के साथ गुरुवार की सुबह शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ गई। पारा गिरने और गलन बढ़ने से लोग घरों में दुबक गए। न्यूनतम पारा लुढ़क कर 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह से लेकर शाम तक सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया। शाम ढलने के बाद कोहरे ने फिर कहर ढाया। इससे बसों व ट्रेनों की चाल बिगड़ गई। बस अड्डे से लेकर रेलवे स्टेशन तक लोग ठिठुरते नजर आए।
जिले में बढ़ी सर्दी के असर से आम जनमानस प्रभावित होने लगा है। गुरुवार को अचानक पारा 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने से दिन में भी लोग कांपते रहे। सुबह गलन के चलते लोग घरों से गर्म कपड़े पहन कर बाहर निकले। दोपहर को भी सर्दी का सिलसिला जारी रहा। शाम को सर्द हवाओं के कारण नगर की दुकानें जल्दी बंद हो गईं और लोग घरों के लिए चले गए। इससे बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा रहा। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने आग का सहारा लिया। कई जगह अलाव न जलने पर लोगों ने कूड़ा, कचरा और गत्तों में आग लगाकर हाथ सेंके। शहर के बस स्टाप समेत प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, दिन भर कोहरे की धुंध छाने से रेलवे की समय सारिणी ध्वस्त नजर आई। एक्सप्रेस व पैसेंजर गाड़ियों निर्धारित समय से 30 मिनट से लेकर दो घंटे तक लेट चली। इससे लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।