नहीं आई शीला दीक्षित, कांग्रेसी हुए मायूस
कन्नौज, जागरण संवाददाता : जिला प्रशासन समेत सभी स्थानीय नेताओं को कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद के लिए
कन्नौज, जागरण संवाददाता : जिला प्रशासन समेत सभी स्थानीय नेताओं को कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित प्रत्याशी शीला दीक्षित को हेलीकॉप्टर से आने की सूचना दी गई थी। इस कारण दोपहर से ही पार्टी के बड़े नेताओं के अलावा स्थानीय लोग पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उनकी अगवानी के लिए पहुंच गए थे। उधर जिला प्रशासन की ओर से भी सभी इंतजाम कर लिए गए। काफी इंतजार के बाद शीला दीक्षित नहीं आईं तो लोग वहां से मायूस होकर लौट गए।
गौरतलब है कि तबियत बिगड़ने के कारण दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का कार्यक्रम हेलीकाप्टर से कन्नौज आने का तय हो गया था। उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में दोपहर 12.30 बजे उतरना था। इस कारण सोमवार दोपहर को एक बजे ही पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, पार्टी जिलाध्यक्ष विजय मिश्रा, डा. जीवन शुक्ला, ऊषा दुबे, अनुज मिश्रा 'कक्का' विवेक नरायन मिश्रा, रंजन बाजपेई, डा. हाशिम सिद्दीकी, जुबैर कुरैशी, नगर अध्यक्ष महेश पांडेय, विश्वनाथ गिहार, संजीव दुबे 'मुन्ना' आदि सैकड़ों लोग पुलिस लाइन में उनकी अगवानी करने के लिए पहुंच गए। सर्किट हाउस में पूर्व केंद्रीय मंत्री काफी देर तक उनका इंतजार करते रहे। बाद में उन्होंने दोपहर तीन बजे दिल्ली से उनकी लोकेशन ली तो पता चला कि उनका दौरा किन्हीं कारणों से रद हो गया है। उसके बाद सभी कांग्रेसी नेता प्रदेश अध्यक्ष की अगवानी करने के लिए गंगा के महादेवी घाट पहुंच गए।