हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : तालाब में युवती का शव बरामद होने के बाद अब पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : तालाब में युवती का शव बरामद होने के बाद अब पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुट गई। एक ओर सर्विलांस टीम वारदात में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, वहीं पुलिस संदिग्धों पर शिकंजा कस पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
शनिवार को नगला बल्देव में मृतक के घर पर महिलाएं व पुरुष खामोश थे। गांव के लोग इस घटना पर कुछ भी बोलने से कतरा रहे थे। घटना की जांच कर रहे प्रभारी निरीक्षक गांव गए और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर शक के घेरे में आ रहे लोगों की धरपकड़ कर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास में है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक खलीक अहमद ने बताया कि पुलिस घटना में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह ग्राम बलदेव नगला निवासी 22 वर्षीय इंदू यादव का शव ग्राम हाथिन के तालाब में मिट्टी के नीचे दबा पाया गया था। इंदू का रोज छिबरामऊ आना जाना रहता था।
शक के आधार पर दो को पुलिस ने उठाया
हत्या के खुलासे को पुलिस ने शक के आधार पर गांव से एक युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर निकल गया। इस पर पुलिस ने उसके भाई को हिरासत में लिया। वहीं तालग्राम रोड से भी पुलिस ने एक युवक को उठाया है। हालांकि इस मामले में अभी पुलिस खुलकर कुछ भी बोलने से बच रही है।