ससुरालीजनों ने विवाहिता पर केरोसिन डालकर लगाई आग
तिर्वा, संवाद सहयोगी : पति-पत्नी के विवाद में ससुरालीजनों ने विवाहिता पर केरोसिन डालकर आग लगा दी।
तिर्वा, संवाद सहयोगी : पति-पत्नी के विवाद में ससुरालीजनों ने विवाहिता पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। इससे विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। विवाहिता की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कालेज से कानपुर रिफर कर दिया गया है। पुलिस ने पांच के खिलाफ उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कस्बे के बौद्ध नगर गिहार बस्ती निवासी आशा देवी ने बताया कि उसने पुत्री प्रीती का विवाह कोतवाली क्षेत्र के बलनपुर गिहार बस्ती निवासी अजय कुमार के साथ किया था। विवाह के कुछ वर्ष तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन चार-छह वर्ष बीतने के बाद ससुरालीजनों ने उत्पीड़न करना शुरु कर दिया। बीते 24 मार्च को प्रीती का उसके पति अजय के साथ विवाद हो गया। इसी बात को लेकर पति अजय, सास मुन्नी देवी, ससुर देशराज, लखन व शिवा ने मिलकर प्रीती के पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से जलकर घायल हो गई। घटना की जानकारी पाकर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। वहां पर हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर रिफर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरु कर दी गई। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।