दिन में नमूने और रात में सौदा
कन्नौज, जागरण संवाददाता : त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री के प्रतिशासन से भी खाद्य सुरक्षा
कन्नौज, जागरण संवाददाता : त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री के प्रतिशासन से भी खाद्य सुरक्षा विभाग को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन यहां के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने गोरखधंधा चला रखा है। इस विभाग के अधिकारी दिन में दुकानों से नमूने लेते हैं और रात में उन नमूनों को भारी रकम वसूलकर वापस कर दिया जाता है। तिर्वा क्षेत्र में ऐसे कई कारनामे इस विभाग के अधिकारियों ने किए हैं। यही कारण है कि जिले भर में मिलावटखोरों की पौबारह है।
सूत्रों के मुताबिक खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को तिर्वा और तिर्वा रोड पर नजिरापुर में कई परचून दुकानों से सरसों के तेल के नमूने लिए थे। उसके बाद रात में दुकानदारों से सांठगांठ कर यह नमूने वापस कर दिए गए। सूत्रों के मुताबिक इन अधिकारियों ने दुकानदारों से नमूना वापस करने के बदले में दस-दस हजार रुपए लिए। इसी तरह से गुरसहायगंज और इंदरगढ़ में भी इन अधिकारियों द्वारा वसूली की गई। हालांकि गोरखधंधा करने वाले अपना नाम बताने को तैयार नहीं है। ऐसे ही पिछले डेढ़ माह पहले मानीमऊ में एक किराना की दुकान पर अखाद्य तेल से निर्मित अचार, एक निजी कंपनी का नकली गुटखा व अन्य सामग्री बरामद की थी। डेढ़ माह बीत चुका है, उसके बावजूद अब तक उक्त दुकानदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यही कारण है कि जिले में नकली सरसों का तेल व अन्य मिलावटी खाद्य सामग्री धड़ल्ले से बेची जा रही है।
गुरसहायगंज, संवादसूत्र के अनुसार सोमवार को नगर के मुख्य बाजार में मिलावटी खोए की जमकर बिक्री हुई। खुलेआम हो रहे नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर किसी भी अधिकारी की नजर नहीं पड़ी। मिलावट की जांच के लिए तैनात खाद्य निरीक्षक का भी कोई पता नहीं है। इससे मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं। इस मामले पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मानीमऊ में स्टाक सीज कर दिया गया था। नमूने वापस करने के सवाल के बाद उन्होंने फोन उठाना ही बंद कर दिया।
'यदि ऐसा है तो प्रकरण गंभीर है। जांच कराई जाएगी। दोषी पाए गए तो इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।'
- रमेश चंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी