रबी गोष्ठी में खराब विद्युत व्यव्स्था पर भड़के किसान
कन्नौज, जागरण संवाददाता : जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी में जिलाधिकारी ने जब किसानों की समस्याएं सुननी शुरू
कन्नौज, जागरण संवाददाता : जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी में जिलाधिकारी ने जब किसानों की समस्याएं सुननी शुरू को सबसे ज्यादा किसान विद्युत विभाग के खिलाफ बोले। किसानों ने गांव में विद्युतीकरण, ट्रांसफार्मर ओवरलोड की समस्याओं को लेकर अधिशाषी अभियंता विद्युत को घेर लिया। डीएम ने सभी किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही शिकायतें निस्तारित कर दी जाएंगी। गोष्ठी के बाद किसानों को 21.60 कुंतल गेंहू बीज का वितरण किया गया।
बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने की। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन के बाद गुगरापुर के पूर्व प्रधान श्याम प्रताप भदौरिया ने गुगरापुर में बने पांच एमबीए के ट्रांसफार्मर के ओवरलोड होने की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि कम वोल्टेज के चलते नलकूप संचालित नहीं हो पाते हैं। इसके अलावा उन्होंने कृषि बीज गोदाम शुरु न होने की शिकायत की। सौरिख बार्डर के पास रहने वाले किसानों ने गांव में विद्युतीकरण न होने की शिकायत की। छिबरामऊ के देवेन्द्र कुमार ने नलकूप खराबी में विद्युत की समस्या रखी। तालग्राम के महेन्द्र सिंह कटियार ने इफ्को सेंटर न होने की समस्या रखी। डीएम ने इस मामलों को गंभीरता से लिया। साथ ही अधिशाषी अभियंता विद्युत व जिला कृषि अधिकारी को इन मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि रबी फसल में गेंहू, आलू, जौ, चना, राई, सरसो में उन्नत कृषि तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी उदय राज यादव ने कहा कि किसानों को फसलों की तकनीकी जानकारी होनी चाहिए, तभी उत्पादन को बढ़ाया जा सकता है। इससे पहले डीएम ने आईआईडीएफ योजनांतर्गत किसानों को 21.60 कुंतल गेंहू बीज का वितरण किया। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार, मुख्य मत्स्य अधिकारी जीसी यादव, एआर सहकारिता रामनिवास यादव समेत कई किसान मौजूद रहे।
विशेषज्ञों ने दी विस्तृत जानकारी
जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी में विशेषज्ञों ने किसानों को खेती की उत्पादन क्षमता बढ़ाने को तमाम जानकारियां दी। इसमें कृषि वैज्ञानिक डा. वीके कनौजिया ने कहा कि किसान अच्छे बीज का इस्तेमाल करें। गेंहू में अच्छा बीज एक बीघा में आठ किलो, 25 नवंबर के बाद नौ किलो व 10 दिसंबर तक 10 किलो बीज डाले। इसके बाद छह किलो यूरिया व खेत में पानी लगाने के बाद भी रासायनिक उर्वरक का इस्तेमाल करें। इसके अलावा तालग्राम ब्लाक के प्रगतिशील किसान महेन्द्र सिंह कटियार ने जैविक खाद के इस्तेमाल की जानकारी दी।