विश्व में पर्यटन नगरी के रूप में उभरेगा कन्नौज
कन्नौज, जागरण संवाददाता : आज इत्र नगरी वालों के लिए बड़ा दिन है। डीएम बुधवार को शासन के समक्ष ऐतिहासिक कन्नौज की धरती को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखेंगे। यदि सरकार ने जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर मुहर लगाई, तो जल्द ही कन्नौज विश्व के मानचित्र में पर पर्यटन स्थल के रूप में पहचाना जाएगा। पर्यटन नगरी बनाने की पूरी कार्ययोजना मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर डीएम ने तैयार की है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का लगाव इत्र नगरी से निरंतरता में है। वर्तमान सयम में सीएम की पत्नी डिंपल यादव यहां से सांसद है। जिले के प्राचीन वैभव को देखते हुए सरकार ने इसे संरक्षित करने का फैसला किया है। सीएम के निर्देश पर डीएम राजेश कुमार ने एक दिन पूर्व ही शहर के कई प्राचीन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया था। इसी निरीक्षण और प्राचीन दस्तावेजों के आधार पर डीएम ने अपनी रिपोर्ट तैयार की है। डीएम बीते कई दिनों से कन्नौज की ऐतिहासिक विरासत और प्राचीन धरोहरों की जानकारी विभिन्न माध्यमों से ले रहें हैं। इसके साथ ही डीएम ने इत्र नगरी से संबंधित कई पुस्तकों और प्राचीन इतिहास का संग्रह किया है।
कन्नौज जिले में महान सम्राट हर्षवर्धन, सम्राट जयचंद, महान पृथ्वीराज चौहान, महाकवि घाघ, मकदूम जहांनियां मस्जिद, बलाबीर का मकबरा सहित तमाम कलम और कृपाण से जुड़ी पौराणिक कथाएं आज भी जीवंत है। प्राचीन मूर्तियों व कलाकृतियों को सहेजने के लिए सीएम के द्वारा राजकीय संग्रहालय का निर्माण कराया गया है। संग्रहालय अत्याधुनिक बनाने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। डीएम राजेश कुमार ने बताया कि जनपद कई ऐतिहासिक गाथाओं से परिपूर्ण है। अधिकांश लोगों को जिले की गौरव गाथा की जानकारी नहीं है। इसलिए जनपद को प्रदेश के मानचित्र पर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। सीएम के निर्देश पर इसकी पूरी रुपरेखा तैयार कर रिपोर्ट 17 सितंबर को शासन के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद शासन से अनुमति मिलने पर आगे की कार्रवाई शुरू होगी।