तीन घंटे के इंतजार में आधे घंटे दुलार
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : लोगों को कड़ी धूप में तीन घंटे तक सीएम का इंतजार करना पड़ा। वह एक बजे के करीब अटिया पहुंचे और आधा घंटा रुकने के बाद लखनऊ के लिए निकल गए। देर से पहुंचने पर भी मुख्यमंत्री के स्नेहिल अंदाज के आगे लोग इंतजार का दर्द भूल गए।
मुख्यमंत्री के अटिया पहुंचने की सूचना सुबह 10 बजे की थी। ऐसे में लोग आठ बजे से ही गांव पहुंचने लगे और सीएम का दीदार करने को उसी समय से ही खेतों में अपनी जगह बनाने लगे। कुछ ने तो हेलीपैड के आसपास ही अपना ठिकाना बना लिया। इसके बाद समय बीतने लगा, लेकिन हेलीकाप्टर नहीं आया। ऐसे में कुछ लोगों ने अधिकारियों से भी संपर्क किया। इसके बाद दोपहर 12.55 बजे सीएम का हेलीकाप्टर आया। सीएम ने हेलीकाप्टर से बाहर आते ही लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इसके बाद भीड़ की धक्का-मुक्की उनसे मिलने को और तेज हो गई। करीब आधा घंटे तक वह अटिया गांव में रुके और उसके बाद 1.27 बजे लखनऊ को रवाना हो गए। करीब आधा घंटे के कार्यक्रम में लोगों के तेज धूप में तीन घंटे के इंतजार की पीड़ा को भुला दिया।