बाइक फिसलने से युवक घायल
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
जनपद मैनपुरी नवीगंज के ग्राम जनौरा निवासी सुरजीत पुत्र नत्थूलाल बाइक से अपनी रिश्तेदारी में भानपुर सौरिख गया हुआ था। गुरुवार की दोपहर वह अपने गांव वापस जा रहा था। ग्राम घिलोई के निकट तेज रफ्तार मोटर साइकिल का पहिया गड्ढे में चला गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। दुर्घटना में सुरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने सूचना देकर एंबुलेंस को बुलाया। जिससे सुरजीत को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सुरजीत को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। जानकारी पाकर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।