खाद के दामों में बढ़ोत्तरी से सपाई खफा
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाए गए खाद के दामों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। सौरिख तिराहे पर प्रधानमंत्री का पुतला फूंक कर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अच्छे खां के नेतृत्व में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंक दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। अच्छे खां ने न अच्छे दिन न अच्छी रात, मोदी लौट जाओ गुजरात का नारा देते हुए कहा कि जनता कुछ दिनों में महंगाई से त्राहि-त्राहि कर उठी है। सारी चीजों के दाम बढ़ रहे हैं क्या यही जनता के लिए अच्छे दिन हैं। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रामप्रकाश शाक्य ने कहा कि सरकार किसानों के साथ मजाक कर रही है। विधानसभा उपाध्यक्ष आलोक दुबे ने कहा कि जनता ने जिस उम्मीद के साथ वोट देकर नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनाया था, उनकी वह उम्मीद पूरी नहीं हो रही है। इस दौरान सुरेश चंद्र वर्मा, गुड्डू गुप्ता, मेजर सिंह यादव, अवनीश गुप्ता, वीरेंद्र सिंह गिहार, सुनील प्रधान, मोहसिन खां, राबिन यादव, जानू वर्मा, रामरहीश, बेंचेलाल, सुधीर कुमार, सत्यदेव प्रधान व डा. चंद्रप्रकाश मौजूद रहे।