डिंपल ने पहली बार छिबरामऊ में रखा पांव
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : सांसद बनने के बाद चुनाव के मौके पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने पहली बार छिबरामऊ में कदम रखा। लोगों ने प्रत्याशी बनकर वोट मांगने आईं डिंपल यादव को इतने करीब से पहली बार देखा और वह भी अपने क्षेत्र में। काफिले पर छतों से फूलों की वर्षा का क्रम लगभग ढाई घंटे तक चलता रहा।
कन्नौज और तिर्वा में मुख्यमंत्री व उनकी पत्नी का आना जाना तो लगा रहा, लेकिन छिबरामऊ हर बार रह गया। इस बेरुखी का मलाल कार्यकर्ताओं सहित समर्थकों को भी था पर वह मौन थे। मंगलवार दोपहर जब डिंपल यादव के क्षेत्र में आने की जानकारी कार्यकर्ताओं को हुई तो वह खुशी से फूले नहीं समाए। रोड-शो के दौरान सांसद डिंपल यादव ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। डिंपल के साथ पूर्व चेयरमैन सुभाना, विधायक अरविंद सिंह यादव व सपा महिला प्रदेश अध्यक्ष लीलावती कुशवाहा भी लगातार साथ रहीं। मुख्यमंत्री के निजी सचिव गजेंद्र सिंह उत्साहित कार्यकर्ताओं को संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जोश इतना था कि कोई किसी की कुछ सुनने को तैयार ही नहीं था।