देवराज ने मारा मैदान
::: डिवि़जनल बार असोसिएशन का चुनाव:: 0 अध्यक्ष पद पर 10 वोट से जीते 0 मनीष श्रीवास्तव बने महासचि
::: डिवि़जनल बार असोसिएशन का चुनाव::
0 अध्यक्ष पद पर 10 वोट से जीते
0 मनीष श्रीवास्तव बने महासचिव
झाँसी : विवादों से उबरे डिवि़जनल बार असोसिएशन चुनाव में देवराज सिंह कुशवाहा ने अध्यक्ष पद पर जीत द़र्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वन्दी को 10 मतों से हराया। महासचिव पद पर मनीष श्रीवास्तव ने शानदार ढंग से परचम फहराया।
शुरू से ही विवादों से घिरे रहे डिवि़जनल बार असोसिएशन के लिए आज शान्तिपूर्ण मतदान व मतगणना सम्पन्न हुई। प्रात: एल्डर्स कमिटि के अध्यक्ष हरनारायण अवस्थी, सदस्य पीसी जैन, डीपी सेठ, कृष्ण पाल सिंह चन्देल, बीके माहेश्वरी व सहायक निर्वाचन अधिकारी उमेश शर्मा की निगरानी में सभागार में मतदान प्रारम्भ हुआ। अपराह्न 3 बजे तक चले मतदान में असोसिएशन के समस्त 56 सदस्यों ने वोट डाले। 3.30 बजे से मतगणना प्रारम्भ हुई। अध्यक्ष पद पर ताल ठोक रहे देवराज सिंह कुशवाहा ने 33 मत पाकर जीत हासिल की। उन्होंने 23 मत प्राप्त करने वाले मनोहर लाल बाजपेयी को 10 वोट से पराजित किया। महासचिव पद पर आमने-सामने के मुकाबले में मनीष श्रीवास्तव ने 41 वोट पाकर 13 वोट पाने वाले बाल स्वरूप खरे को हराया। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजीव मिश्रा को 33 मत प्राप्त हुए, जबकि 21 मत पाकर अम्बिका प्रसाद चुनाव हार गए। कोषाध्यक्ष पद पर रघुवीर शरण कुशवाहा ने 34 मत लेकर हर नारायण उपाध्याय को 13 वोट से हराया। वरिष्ठ सदस्य के लिए किस्मत आ़जमा रहे लक्ष्मी यादव को हार का सामना करना पड़ा। इस पद के लिए केसी श्रीवास्तव को 38, ओमप्रकाश निरंजन को 34, ओम प्रकाश कुशवाहा को 32, संजय खरे को 30 मत मिले। जबकि लक्ष्मी यादव को सबसे कम 29 ही वोट मिल पाए। इससे पहले वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव, सहायक सचिव हरिहर शरण खरे, संयुक्त सचिव कृष्ण कान्त खरे, कनिष्ठ सदस्य पद पर उमेश शर्मा, जगदीश मोहन गुप्ता, अम्बिका प्रसाद कुशवाहा, राम राजीव का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। एल्डर्स कमिटि ने जीत की घोषणा कर विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिए। नतीजे आने के बाद समस्त विजयी प्रत्याशियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।