गुस्साये कुलियों ने नहीं उठाया बोझ
झाँसी : हाजिरी व्यवस्था से नाखुश कुलियों ने आज सुबह से काम बन्द कर दिया,जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। कुली एकत्र होकर डीआरएम ऑफिस पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रदर्शन किया। कुलियों ने रेलवे प्रशासन पर जबरन परेशान करने के आरोप लगाये। अधिकारियों द्वारा आश्वासन मिलने पर वे वापस काम पर लौट गये।
कुलियों की हाजिरी लगाने की व्यवस्था पहले कुली रूम में थी। इसके बाद इस व्यवस्था को बदल दिया गया। उप स्टेशन प्रबन्धक वाणिज्य को इसकी जिम्मेदारी दे दी गई है। इससे कुली नाराज थे। आज सुबह कुलियों ने अचानक काम बन्द कर दिया। इस दौरान सुबह की शताब्दी एक्सप्रेस में एक भी कुली मौजूद न होने से यात्रियों को असुविधा हुई। सभी कुली डीआरएम ऑफिस पहुँचे, जहाँ वे रेलवे प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। उनका आरोप था कि उन्हें हाजिरी लगाने में परेशान किया जाता है, इसलिए पुरानी व्यवस्था को लागू किया जाए। रेलवे अधिकारियों ने कुलियों से बात की व आश्वासन दे कर वापस काम पर लौटाया।
इस दौरान कुली यूनियन के रहीश खान ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने दस्तावेज न मिलने के बहाने 22 कुलियों को बर्खास्त कर दिया था। इसके विरुद्ध कुलियों ने हाइकोर्ट की शरण ली। हाइकोर्ट ने कुलियों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए रेलवे प्रशासन के बर्खास्तगी आदेश को निरस्त कर दिया है।