थाने लाया गया चोटी काटने का आरोपी कीड़ा
जागरण संवाददाता, जौनपुर : जलालपुर थाना क्षेत्र के मोजवा गांव में चोटी कटवा को लेकर अजीब घट
जागरण संवाददाता, जौनपुर : जलालपुर थाना क्षेत्र के मोजवा गांव में चोटी कटवा को लेकर अजीब घटना घटी। लोग एक कीड़े को चोटी काटने के आरोप में थाने लेकर पहुंचे। एसओ ने देखा तो उसे फौरन कस्टडी में ले लिया। दरअसल चोटी कटने के साथ ही अब चोटी कटवा कीड़ा भी पकड़े जाने का दावा किया जाने लगा है। कोई इसे चीन द्वारा छोड़ा गया कीड़ा बता रहा है कोई जंगली। पहले सरपतहां, सिकरारा में कीड़ा पकड़ कर दिखाया गया अब जलालपुर में गुरूवार को एक कीड़ा चोटी कटवा के रूप में दिखाया गया। लोग हैरत के साथ चर्चा कर रहे हैं। चोटी कटने की सात घटनाएं भी सामने आईं।
जलालपुर थाना क्षेत्र के मोजरा गांव निवासी अमित कुमार दुबे ने बाल काटने वाले कीड़े को पकड़ने का दावा किया तो वहां भीड़ लग गई। आसपास के ग्रामीण भी उसे देखने उमड़ पड़े। चर्चा रही कि उसके सामने बाल और लकड़ी रखने पर भी वह कुतर कर काट देता था। सैलून से बाल का गुच्छा लाकर रखा गया तो उसे काट कर कई टुकड़े कर दिए। जब लोगों को विश्वास हो गया कि यही चोटी कटवा है तो उसे लेकर थाने पहुंच गए। एसओ तहसीलदार ¨सह ने माजरा समझा तो फौरन उसे अपनी कस्टडी में सुरक्षित कर लिया। ये कोई पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व भी कई क्षेत्रों में चोटी कटवा कीड़ा पकड़े जाने का दावा पेश होता रहा। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। हालांकि कई क्षेत्रों में चोटी कटने की घटना भी सामने आई। सिकरारा थाना क्षेत्र के देहजुरी गांव निवासी आश्रय यादव की बेटी छाया यादव की बुधवार रात चोटी कट गई। वह बरामदे में अपनी बहन के साथ एक ही चारपाई पर सो रही थी। पंवारा थाने के सरायबीका गांव में छत से कपड़ा उतरने गई रागिनी की चोटी कट गई। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर निवासी मेंहीलाल की पुत्री कंचन की बुधवार की शाम चोटी कट गई। वह पढ़ाई कर रही थी। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के काकोरी देवाकल पुर गांव में बुधवार की शाम बलवंता की पत्नी मालती यादव की चोटी गई। शौच के लिए खेत की तरफ जा रही थी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के सरकी गांव निवासी रमेश राम की पुत्री तमन्ना की बुधवार रात चोटी कट गई। नोनमटिया निवासी अमित यादव की पत्नी ललिता देवी और घूरेलाल यादव की पत्नी रीता देवी की चोटी कट गई।