मनुष्य अच्छे संस्कारों से बनता है महान
महराजगंज/बरईपार (जौनपुर): महराजगंज क्षेत्र के ग्राम राजपुर रुखार में चल रहे लक्ष्मी नारायण महायज्
महराजगंज/बरईपार (जौनपुर): महराजगंज क्षेत्र के ग्राम राजपुर रुखार में चल रहे लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में शुक्रवार को श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी विजयानंद ने कहा कि संस्कार से मनुष्य महान बनता है। संस्कारवान मनुष्य की सभी युगों में प्रशंसा की गई है। संस्कार मनुष्य के जन्म से, माता-पिता की शिक्षा से, शिक्षक व उसके बाद सामाजिक व्यवस्था से प्राप्त होता है। बिना संस्कार के मनुष्य राक्षसी प्रवृत्ति का बन जाता है। यज्ञशाला का जो मनुष्य 108 बार परिक्रमा करता है वह ईश्वरत्व को प्राप्त करता है। इस यज्ञ में श्रद्धालुओं की सुबह चार बजे से भीड़ लग जाती है। श्रद्धालु यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पुण्य अर्जन करते हैं। शाम को आरती के बाद प्रसाद का वितरण होता है।
उधर बरईपार क्षेत्र के अढ़नपुर में प्रवचन करते हुए कथा वाचक आचार्य शारदा प्रसाद ने कहा कि मोक्ष की प्राप्ति के लिए त्याग जरूरी है। महा मृत्युंजय जाप से अकाल मृत्यु से बचा जा सकता है। सांसारिक आवागमन से मुक्ति मिलती है। उक्त गांव में वीरेंद्र दूबे के आवास पर चल रही सात दिवसीय कथा में आचार्य ने कहा कि मानव जीवन सांसारिक होने के कारण झंझावातों से घिरा होता है। इसमें मोह माया के भव जाल में व्यक्ति लिपटा रहता है। श्री हरि कथा मोक्ष देती है।