कृषि की नई तकनीकी से परिचित हुए किसान
गाजीपुर : पीजी कालेज स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के तत्वावधान में दो दिवसीय कृषि मेले का शुभारंभ शुक्र
गाजीपुर : पीजी कालेज स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के तत्वावधान में दो दिवसीय कृषि मेले का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। इसमें कृषि यंत्र, बीज एवं कीटनाशक दवाओं सहित अन्य वस्तुओं के कई दर्जन स्टाल लगाए गए थे। मेले में काफी संख्या में किसानों ने भाग लिया और सभी स्टालों पर घूम कर कृषि की नई तकनीक से परिचित हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज शमशाद अहमद ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया। कहा यह केंद्र कृषि की आधुनिकतम तकनीकी एवं यंत्रों से सुसज्जित है। यहां से किसानों को कृषि की नई तकनीक से अवगत कराया जाता है और नए बीज भी उपलब्ध कराए जाते हैं। कृपाशंकर सिंह ने कहा हमारा देश कृषि प्रधान देश है। यहां की प्रकृति तरह-तरह की वनस्पतियों से सजी हुई है और विभिन्न प्रकार के अन्न उगाए जाते हैं। कृषि मेले में किसानों को सभी स्टालों पर अलग-अगल तरह जानकारी मिलेगी। इसके अलावा वह कृषि यंत्र या बीज आदि की खरीदारी भी कर सकते हैं। मेले में कृषि के अलावा, उद्यान विभाग, कीटनाशक दवा, बीज, फसल, फल-फूल, पशुपालन विभाग, बैंक, ट्रैक्टर, कृषि यंत्र, जेसीबी एवं चार पहिया वाहनों के स्टाल सजे थे। कार्यक्रम समन्वयक डा. दिनेश सिंह ने कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों के बारे में लोगों को बताया। कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना ही किसानों के विकास के उद्देश्य से किया गया है। कृषि हमारे देश की रीढ़ है और इसे मजबूत किए बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जज शमशाद अहमद ने किया। कृषि विज्ञान केंद्र के चेयरमैन राजेश्वर प्रसाद सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर पीजी कालेज के एनसीसी कैडेटों ने जिला जज को गार्ड आफ आनर दिया। इस मौके पर पीजी कालेज के प्राचार्य डा. ओपी श्रीवास्तव, प्रोफेसर श्रीनिवास सिंह, प्रोफेसर बीबी सिंह, प्रोफेसर गुलाब सिंह, डा. केएन सिंह एवं बालेश्वर सिंह आदि मौजूद थे।