गणतंत्र दिवस की तैयारी में जुटा प्रशासन
मीरजापुर: ग्रामीण व शहरी इलाकों में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारी में लोग
मीरजापुर: ग्रामीण व शहरी इलाकों में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारी में लोग जुट गए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा जहां किसी भी आतंकी घटनाओं से निबटने के लिए रेलवे स्टेशन की गुरुवार को सघन तलाशी ली गई। वहीं अत्याधुनिक असलहे से लैस पुलिसकर्मी जगह-जगह मुस्तैद देखे गये। विद्यालयों में भी यह पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारी जोरों पर रही।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। सभी ट्रेनों की जांच पड़ताल की जा रही है। रात में ट्रैक की भी पेट्रोलिंग की जा रही है। उपद्रवियों पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा भी कार्यक्रम जारी किया गया है। 26 जनवरी को सुबह छह बजे सभी मंदिरों, मस्जिदों में सामूहिक प्रार्थना सभा होगी। सुबह सात बजे साइकिल रेस जीडी बिनानी से शुरू होगा। प्रभातफेरी भी निकाली जाएगी। शहीद उद्यान में शहीदों को माल्यार्पण किया जाएगा। सुबह साढ़े आठ बजे सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह साढ़े नौ बजे पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह दस बजे सभी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण होगा। शाम चार बजे घंटाघर के मैदान में छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। रात को सात बजे कवि सम्मेलन व मुशायरा होगा।