तो राज छिपाने को जलाया गया शव
मछलीशहर (जौनपुर): समाचार चैनलों एवं अखबारों की सुर्खियों में छाने वाली हत्या व दुष्कर्म की घटना का स
मछलीशहर (जौनपुर): समाचार चैनलों एवं अखबारों की सुर्खियों में छाने वाली हत्या व दुष्कर्म की घटना का साक्षात्कार जब ग्रामीणों को हुआ तो वे स्तब्ध रह गए। दुष्कर्म एवं हत्या के राज पर पर्दा डालने की नीयत से जलाया गया किशोरी का शव चर्चा में रहा। लोगों का मानना है कि घटना के पीछे के राज को छिपाने के लिए यह अमानवीय कृत्य किया गया है।
बहरहाल महानगरों के बाद ग्रामीण इलाकों में पांव जमा रही इस तरह की घटना को लेकर ग्रामीण सहमे नजर आ रहे थे।
गोहका गांव के लोगों के लिए बुधवार की सुबह मनहूस ही साबित हुई। प्रात:काल उठने के बाद लोग नित्य क्रिया के लिए सीवान में निकले ही थे कि उन्हें कालेज के समीप स्थित एक नवनिर्मित मकान के निचले भाग में पुआल की राख के नीचे दो पैर एवं हाथ दिखाई दिए। समीप जाने पर शव महिला का दिखा। इसे आग के हवाले करके पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी।
मौके पर जमा लोगों की भीड़ जले पड़े किशोरी के शव को देख घटना को अंजाम देने वालों के प्रति क्रोध व्यक्त कर रही थी। लोगों का अनुमान है कि किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या करके शव शिनाख्त मिटाने के लिए जला दिया। घटना को लेकर दिन भर अटकलें ही लगती रहीं। क्षेत्र के लोग शिनाख्त नहीं कर पाए। अब लोगों की निगाह पुलिस को कार्यवाही पर टिकी है। बहरहाल इस अमानवीय कृत्य को देखकर ग्रामीण सहमे हुए हैं।
आखिर कौन बना दरिंदों का शिकार
सैकड़ों की संख्या में जमा जन समूह मौके पर दरिंदों का शिकार बनी किशोरी को लेकर ही परेशान रहा। घर से भागी महिला या क्षेत्र से गायब हुई किशोरी के बारे में लोग एक दूसरे से पूछते रहे। मगर सायंकाल तक दरिंदों के हवस का शिकार बनी किशोरी रहस्य ही बनी रही।