कोहरे का प्रकोप जारी, फसलों पर खतरा
जौनपुर: कोहरे का प्रकोप मंगलवार को भी सुबह नौ बजे तक जारी रहा। सुबह-शाम ठंड से जहां लोग घरों में दुब
जौनपुर: कोहरे का प्रकोप मंगलवार को भी सुबह नौ बजे तक जारी रहा। सुबह-शाम ठंड से जहां लोग घरों में दुबक रहे हैं वहीं फसलों की क्षति होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
सोमवार की रात से ही कोहरे की चादर तन गई थी। रात में तापमान काफी कम हो गया। सुबह जब लोग देर से ही बिस्तर छोड़कर उठे तो हाथ-पैर सिकुड़ने लगा। ठंड के चलते सड़क पर भी आवाजाही कम दिखी। सर्वाधिक परेशानी का सामना किसानों को खेतों में सिंचाई के समय करना पड़ रहा है। जहां रात को विद्युत आपूर्ति हो रही है वहां की स्थिति और भी बदतर है। रात में रिक्शा चालक और यात्री तो बेहाल हो रहे हैं।
उधर अब कोहरे का प्रभाव फसलों पर दिखने लगा। अरहर के फूल झड़ने लगे हैं और सरसों में माहो का प्रकोप बढ़ गया है। कहीं-कहीं आलू में भी रोग लग गए हैं। चना और मटर पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। कोहरे के चलते रात का आवागमन भी प्रभावित हो गया है।
कोहरे के कारण सुजानगंज क्षेत्र में फसलें रोग की चपेट में आ रही हैं। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और पशु पालकों को हो रही है। रात को विद्युत आपूर्ति किए जाने के कारण ठंड से मौसम में किसानों को सिंचाई करने में बाधा उत्पन्न हो रही है।