सभी सीटों पर हुई सीधी टक्कर
जौनपुर: जिले के रिक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान व बीडीसी पद के लिए गुरुवार को चुनाव संपन्न हो गया। रि
जौनपुर: जिले के रिक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान व बीडीसी पद के लिए गुरुवार को चुनाव संपन्न हो गया। रिक्त हुए सभी ग्राम प्रधान पद के लिए सीधी टक्कर हुई। गहमागहमी के बीच 53 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुबह से ही पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। सभी रिक्त प्रधान पद के लिए दो-दो उम्मीदवार ही होने के चलते सीधी टक्कर हुई। मतदान का दौर गहमागहमी के बीच शाम पांच बजे तक चला।
महराजगंज विकास खंड के असरोपुर में 2332 वोट में 1108 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं इसी क्षेत्र के अंगरा गांव में रिक्त हुए बीडीसी पद के लिए 1850 में 889 मत पड़े। इसके अलावा जलालपुर विकास खंड के बीरबलपुर में 2882 में 1536 लोगों ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि मुंगराबादशाहपुर ब्लाक के बीरबलपुर सोंगर में 1577 में 931 लोगों ने शाम तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सहायक निर्वाचन अधिकारी इंद्रदेव यादव ने बताया कि सभी रिक्त सीटों पर शांतिपूर्वक 53 फीसद लोगों ने मतदान किया।