धनतेरस पर बर्तनों की खनखनाहट होगी कम!
जौनपुर : इस बार धनतेरस पर बर्तनों की खनखनाहट कम होगी। वजह कि बर्तनों पर महंगाई का असर जबरदस्त पड़ा है
जौनपुर : इस बार धनतेरस पर बर्तनों की खनखनाहट कम होगी। वजह कि बर्तनों पर महंगाई का असर जबरदस्त पड़ा है। पिछली बार की तुलना में इस बार 10 से 20 फीसद मूल्यों में इजाफा हुआ है।
दीपावली के पूर्व धनतेरस पर लोग जमकर खरीदारी करते हैं। जेवर, बाइक सहित अन्य महंगे सामान के साथ-साथ लोग बर्तन जरूर खरीदते हैं। इसमें काफी लोग ऐसे होते है जिन्हे नए बर्तन की उस समय आवश्यकता नहीं होती लेकिन फिर भी खरीदते हैं। इसके चलते बाजार में बर्तन की दुकानें पहले से ही खूब सजा दी जाती हैं। मगर इस बार बाजारों में वह रौनक फीकी दिख रही है। इसका मुख्य कारण है लगातार बढ़ रही महंगाई।
नगर के सब्जी मंडी निवासी बर्तन व्यवसायी राम कुमार साहू व राम आसरे साहू बताते है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बर्तनों के मूल्यों में 10 से 20 फीसद की बढ़ोत्तरी हुई है। जिस हिसाब से अन्य वर्ष धनतेरस के पहले से ही बाजार की रौनक होती थी। वह इस बार काफी फीकी दिखाई दे रही है। व्यवसायियों ने बताया सामान्य तबके के लोग जहां अल्युमिनियम, स्टील, पीतल व फूल के बर्तन खरीद रहे हैं वहीं उच्च वर्ग में नानस्टिक बर्तनों की डिमांड अधिक है।
बर्तनों के कीमतों में अंतर (प्रति किलोग्राम)
धातु- वर्ष 2013-वर्ष 2014
पीतल-350-400
स्टील-210-250
फूल-600-675
अल्युमिनियम-200-250