भूमि विवाद में वृद्ध की मौत
सरायख्वाजा (जौनपुर): मुड़ैला गांव में भूमि विवाद के दौरान चाचा-भतीजे आपस में भिड़ गए। हाथापाई के दौरान
सरायख्वाजा (जौनपुर): मुड़ैला गांव में भूमि विवाद के दौरान चाचा-भतीजे आपस में भिड़ गए। हाथापाई के दौरान गिरने से वृद्ध चाचा शोभनाथ यादव (65) की मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया।
शोभनाथ का अपने भतीजे रामफेर यादव से भूमि विवाद चल रहा था। बुधवार की सुबह आठ बजे शोभनाथ घर के बगल गली की सफाई कर रहे थे। यह रामफेर को नागवार गुजरा। उसने प्रतिरोध किया तो विवाद बढ़ गया। मौके पर रामफेर के दोनों पुत्र शिव शंकर व शिव पूजन भी आ गए। हाथापाई में शोभनाथ गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह स्थिति देख परिवार के लोग वहां पहुंच गए। पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना पर थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव तत्काल मौके पर पहुंच गए। घटना के बारे में पूछताछ कर रामफेर व शिवशंकर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। शिवपूजन की तलाश में देर रात तक दबिश दी जाती रही।
घटना से गांव में तनाव व्याप्त है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।