सस्ते दाम पर किसानों को मिले उर्वरक
जौनपुर: किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने कलेक्ट्रेट
जौनपुर: किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मांग की कि किसानों को सस्ते दाम पर डीएपी, यूरिया आदि उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
जिलाध्यक्ष राजनाथ यादव की अगुवाई में हाथ में हंसिया, लाठी लिए किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। एकजुट होकर धरने पर बैठ गए। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसान दिवस पर दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण त्वरित और निष्पक्ष तरीके से किया जाए। समय से किसानों को सस्ते दर पर डीजल, बीज आदि उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसान हित को देखते हुए सरकार बिजली दर में की गई बढ़ोत्तरी वापस ले।
इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित दस सूत्रीय पत्रक जिलाधिकारी सुहास एलवाई को सौंपा गया जिसमें किसान परिवार को गर्म कपड़े मुफ्त में उपलब्ध कराने, जर्जर सड़कों की मरम्मत कराए जाने की मांग शामिल थी।
इस दौरान राजबली यादव, घनश्याम चौहान, बब्लू, शैलेश वर्मा, माता प्रसाद, मेवालाल, चितबहाल, जगदीश प्रसाद आदि मौजूद रहे। संचालन आरपी सिंह ने किया।