मां मुरादे पूरी कर दे ..
जौनपुर: शारदीय नवरात्र के चौथे दिन दुर्गा पूजा पंडालों में भीड़ बढ़ गई है। भक्ति गीतों पर पंडालों के सामने युवकों का डीजे की धुन पर नृत्य देखकर लोग भाव विभोर हो रहे हैं। 'मां मुरादे पूरी कर दे ..' समेत विभिन्न देवी गीतों से पूरा माहौल ही दुर्गा मय होता दिख रहा है। सूरज ढलने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष पंडालों में आरती करने पहुंच जा रहे हैं।
शहर के प्रेमराजपुर, पुरानी बाजार, पान दरीबा, हनुमान धाम, जागेश्वरनाथ मंदिर, अलफस्टीनगंज, मधारे टोला, ख्वाजादोस्त, खासनपुर, ईशापुर, रसूलाबाद, अहमद खां मंडी, जोगियापुर, मियांपुर, विसर्जन घाट और लाइन बाजार के साथ ही वाजिदपुर में आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। मूर्तियां इतनी आकर्षक हैं कि लोग देखकर भाव विभोर हो जा रहे है। रोड सजावट तो बेजोड़ है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों द्वारा पूरे शहर की सड़कों तथा गलियों में देवी गीतों तथा देवी मंत्रों के प्रसारण से पूरा माहौल ही देवीमय प्रतीत हो रहा है।
तेजीबाजार क्षेत्र के भटौली, मयंदीपुर, हैदरपुर आदि स्थानों पर पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन-पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है। वहीं महराजगंज इलाके में दुर्गा सप्तशती की गूंज है। मां गौरी की आरती में भीड़ उमड़ रही है।
सिंगरामऊ क्षेत्र के कुशहां, तियरा, मेढ़ा, जमऊपंट्टी, रतासी, बहरीपुर, लालगंज, कुधुआं, सिंघावल, पूरा लाल, महुली सहित अन्य बाजारों में स्थापित प्रतिमाओं के दर्शन-पूजन के लिए सुबह-शाम आरती के समय श्रद्धालु भारी संख्या में जुट रहे हैं वहीं विद्युत झालरों की सजावट आकर्षक छटा बिखेर रही है।
बरईपार क्षेत्र के मां दुर्गा पंडालों में पूजन-अर्चन व प्रसाद वितरण का कार्यक्रम अनवरत चल रहा है। भक्ति गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया है। क्षेत्र के संकट मोचन मंदिर शाहपुर में शुक्रवार की रात आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भक्ति गीतों पर श्रोता झूम उठे।
मड़ियाहूं नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में मां दुर्गा पंडालों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों से देवी के महात्म्य का गुणगान हो रहा है। दुर्गा पूजा समिति रामपुर, मेंहदी में सुबह-शाम श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
फोटो परिचय-
4-जौनपुर : श्री महाशक्ति संस्था गौशाला द्वारा स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा।
5-जौनपुर : नव युवक संघ दुर्गा पूजा समिति मारवाड़ी धर्मशाला द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा।
6-जौनपुर : मां सिंह वाहिनी दुर्गा पूजा समिति घनश्यामपुर रोड बदलापुर द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा।
7-जौनपुर : नवयुवक दुर्गा पूजा समिति मुफ्तीगंज द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा।