श्री दुर्गा पूजा महासमिति का खुला प्रधान कार्यालय
जौनपुर : नखास स्थित नव दुर्गा शिव मंदिर विसर्जन घाट पर जिले के समस्त मां दुर्गा पूजन समितियों का प्रधान कार्यालय खोला गया है। बुधवार को कार्यालय का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट राम नरेश पाठक ने कहा कि नवरात्र में प्रशासन स्तर से पूजन समितियों का पूरा सहयोग किया जाएगा। मूर्ति विसर्जन के लिए उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि नवरात्र में विसर्जन के लिए उत्तम व्यवस्था कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा कार्य कराया जाएगा। कहीं से भी धार्मिक भावना को आहत नहीं किया जाएगा। विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता विनोद सिंह ने कहा कि हर वर्ष की भांति बिजली सप्लाई सुचारू रूप से की जाएगी। इसके लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।
इसके पहले पूर्व अध्यक्ष निखिलेश सिंह, संजय सिंह, संतोष सिंह ने मूर्ति विसर्जन और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उपाध्यक्ष विजय सिंह बागी व मोती लाल यादव ने मूर्ति के लिए कुण्ड की व्यवस्था कर महासमिति को जल्द अवगत कराने की प्रशासन से मांग किया। संरक्षक मंडल के सदस्य सूर्य प्रकाश जायसवाल, विनोद जायसवाल विंध्याचल सिंह ने सड़कों की मरम्मत तत्काल कराने की मांग किया।
अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष शशांक सिंह रानू ने कहा कि समस्त पूजन समितियों की किसी भी समस्या का हल त्वरित किया जाएगा। इस दौरान मनीष देव, लालचंद्र निषाद, राजकेश यादव, धीरज जायसवाल, लालमन, दीपक जायसवाल, पवन सिंह, आनंद अग्रहरि, अनीस साहू, चंद्रभान यादव, रत्नेश सिंह, मनीष गुप्ता आदि मौजूद रहे। संचालन महेंद्र देव विक्रम ने किया।
रात नौ बजे तक खुला रहेगा कार्यालय
महामंत्री घनश्याम साहू ने बताया कि शाम पांच से रात नौ तक प्रधान कार्यालय खुला रहेगा। इस अवधि में पूजन समितियां किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संपर्क कर सकती है।