बाढ़ आपदा पीड़ितों के लिए किया धन संग्रह
जौनपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को टोली बनाकर जम्मू कश्मीर बाढ़ आपदा पीड़ितों के लिए धन संग्रह किया।
प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर धन संग्रह अभियान की शुरुआत तिलकधारी महाविद्यालय परिसर से हुई। कार्यकर्ताओं ने कालेज के अलावा नगर में टोली बनाकर धन संग्रह किया। लोगों से आह्वान किया कि पृथ्वी का स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू कश्मीर के पुर्ननिर्माण में सभी सहयोग करें।
जिला प्रमुख डा.अजय कुमार दुबे व नगर उपाध्यक्ष डा.दिग्विजिय सिंह ने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर नि:स्वार्थ भाव से आपदा पीड़ितों की मदद करना होगा। जिला संयोजक रमेश यादव ने कहा कि अभाविप सर्वे भवंतु सुखिन: की भावना को लेकर कार्य करता है। इस समय यह आवश्यकता है कि हम सभी मिलकर संकट की इस घड़ी में वहां के लोगों के लिए भरसक सहयोग करें। नगर उपाध्यक्ष डा.देवमणि दुबे ने कहा कि कश्मीर के लोग इस समय विपरीत परिस्थितियों में हैं। पूरे देश को इस संकट में सहयोग करना होगा।
धन संग्रह करने वालों में प्रशांत उपाध्याय, अंशुल तेजस्वी, हर्ष सिंह, अभिषेक तिवारी, नितेश सिंह, अवनीश सिंह, मनीष यादव, विपिन, आशीष सोनकर, बटेश्वर सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चिकित्सकों ने सौंपा आपदा राहत का चेक
मछलीशहर (जौनपुर): सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा.एसके यादव के नेतृत्व में चिकित्सकों ने जिलाधिकारी को आपदा राहत कोष के तहत तहसील दिवस में जाकर 65 हजार 700 रुपये का चेक प्रदान किया। इस मौके पर डा.आलम, डा.अशोक पटेल, डा.गुलाब बिंद, डा.अभय नाथ यादव आदि चिकित्सक रहे।
जुटाएंगे राहत सामग्री
सरपतहां (जौनपुर): भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता 17 सितंबर को नरेंद्र मोदी का जन्म दिन न मनाकर जम्मू कश्मीर बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री जुटाएंगे। जिला महामंत्री पवन पाल ने बताया कि कार्यकर्ता सरायमोहिउद्दीनपुर, बरौत, बिशुनपुर, पटैला आदि बाजारों में कैंप लगाकर राहत सामग्री जुटाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वह पुराने कपड़े, खाद्यान्न, रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं दान कर सकते हैं। नकद धनराशि प्रधानमंत्री राहत कोष में भेजी जाएगी।