मां ने बेटी को पत्थर पर पटका
जफराबाद (जौनपुर): नाला निर्माण में अवरोधक बन रहे परिवार के घर पुलिस कार्रवाई करने पहुंची तो क्रोधित महिला ने अपनी ही 4 वर्षीय बेटी को पत्थर पर पटक दिया। यह घटना रविवार सायंकाल चार बजे की है। घायलावस्था में बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कस्बे से सटे शाहबड़ेपुर में नाला निर्माण का लगातार विरोध कर रहे दुर्वासा यादव के घर लेखपाल, सिपाही व महिला सिपाही अनीता मौर्या पहुंची। नाप-जोख शुरू करते ही दुर्वासा की पत्नी सोनी आक्रामक हो गई। उसने महिला सिपाही को मारा-पीटा तथा उसका बाल पकड़कर नोच लिया और हाथ में दांत से काटा। यह स्थिति देख लेखपाल व सिपाही लौट गए।
करीब चार बजे थानाध्यक्ष भारी संख्या में महिला फोर्स लेकर पहुंचे और पुन: कार्रवाई शुरू करना ही चाहे कि सोनी ने क्रोध में अपनी चार वर्ष की बच्ची रागिनी को सामने पत्थर पर पटक दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। फोर्स एक बार फिर पीछे हट गई। घायलावस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।